उत्तर कोरिया ने पनडुब्बी से दागी जाने वाली दो क्रूज़ मिसाइलों का किया परीक्षण

सियोल : उत्तर कोरिया ने बुधवार को पूर्वी सागर में पनडुब्बी से दागी जाने वाली दो प्रकार की रणनीतिक क्रूज़ मिसाइलों का परीक्षण किया। सरकारी समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।

केसीएनए के हवाले से दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप ने बताया कि, इस परीक्षण का उद्देश्य पानी के भीतर संचालित होने वाली हथियार प्रणालियों की मौजूदा तैयारियों का आकलन करना था। एजेंसी ने कहा कि इससे नौसेना की रणनीतिक अभियानों को अंजाम देने की क्षमता का परीक्षण हुआ और देश के निवारक हथियारों की विश्वसनीयता तथा प्रभावशीलता भी प्रदर्शित हुई।

रिपोर्ट के मुताबिक, मिसाइल परीक्षण की निगरानी सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी ऑफ कोरिया के केंद्रीय सैन्य आयोग के सदस्य किम जोंग-सिक, मिसाइल प्रशासन के महानिदेशक जांग चांग-हा और नौसेना की पनडुब्बी आधारित हथियार प्रणालियों से जुड़े इंजीनियरों ने की।

यह घटनाक्रम उत्तर कोरिया की ओर से सोमवार को प्योंगयांग क्षेत्र से पूर्वी सागर की दिशा में सामरिक बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किए जाने के कुछ दिनों बाद सामने आया है। उत्तर कोरिया ने मंगलवार को कहा था कि उस परीक्षण का उद्देश्य एक महत्वपूर्ण मुख्य घटक को तकनीकी रूप से उन्नत बनाने के लिए किए गए शोध की सफलता की पुष्टि करना था।

हालिया क्रूज़ मिसाइल परीक्षण के साथ उत्तर कोरिया ने अपनी पनडुब्बी आधारित हथियार प्रणालियों की तैयारियों को परखने पर जोर दिया है। हालांकि, केसीएनए की रिपोर्ट में मिसाइलों की मारक दूरी, परीक्षण के विस्तृत तकनीकी परिणामों और इस्तेमाल की गई पनडुब्बी के बारे में जानकारी नहीं दी गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com