सोनभद्र : ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस, एसओजी और हिन्दुआरी, चुर्क व लोढ़ी चौकी की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से 625 पेटियों में भरी 9,588 शीशी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 65 लाख रुपये है। इसके अलावा लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की 1,275 यूनिट, एक ट्रक और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 93 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को बताया की बीती रात मध्यरात्रि में शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक सूचना के आधार पर पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क की तरफ सड़क से हटकर मैदान में खड़े एक ट्रक की जांच की गई। ट्रक के केबिन में बैठे दो व्यक्तियों ने अपना नाम नसीब चन्द राजपूत और कृष्णपाल राजपूत बताया। उन्होंने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदे होने की बात कहते हुए इनवॉइस और ई-वे बिल भी प्रस्तुत किए। जांच टीम के अनुसार दस्तावेजों में माल दिल्ली से झारखंड भेजे जाने का उल्लेख था, जबकि चालक माल हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से लादकर लाने की बात बता रहे थे। दस्तावेजों और उनके बयानों में विसंगति मिलने पर ट्रक की तलाशी ली गई। इस दौरान कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जांच में रॉयल स्टैग और रॉयल ग्रीन की 625 पेटियां बरामद की गई। इस तरह कुल 625 पेटियों में 9,588 शीशी शराब बरामद हुई। शराब की बोतलों पर ‘ओनली फॉर पंजाब सेल’ अंकित था।
एसपी ने बताया की 15 अक्टूबर की रात करीब 1:08 बजे नसीब चन्द राजपूत (40) तथा कृष्णपाल राजपूत (38) निवासी जिला बिलासपुर हिमाचल प्रदेश को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में रॉबर्ट्सगंज थाने में आबकारी अधिनियम व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal