नई दिल्ली : दिवाली से पहले घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को बंपर उछाल देखने को मिला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 1,533.72 अंक यानी 2.11 फीसदी उछलकर 74,315.61 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) निफ्टी भी 374.65 अंक यानी 1.66 अंक चढ़कर 22,997.35 के स्तर पर बंद हुआ है।
कारोबार के दौरान बैंकों एवं अन्य कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों और टेकएम के शेयरों में पांच फीसदी की जोरदार वृद्धि देखी गई। शेयर बाजार में आई इस तेजी ने निवेशकों में उत्साह भर दिया। डॉलर के मुकाबले रुपया भी 13 पैसे बढ़कर 95.04 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट एवं आईटी और ऑटो शेयरों में बढ़त ने बाजार को सहारा दिया।
इसके अलावा आज टीसीएस, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा जैसी प्रमुख आईटी कंपनियों के शेयरों में लगातार तीसरे कारोबारी सेशन में तेजी देखने को मिली। शेयर बाजार में यह तेजी बेहतर वित्तीय नतीजे और एआई से जुड़े शेयरों में बिकवाली के कारण देखने को मिली। चूंकि कुछ एआई से जुड़े शेयरों पर बिकवाली का दबाव था, इसलिए निवेशकों की दिलचस्पी पारंपरिक आईटी कंपनियों में बढ़ गई, जिससे आईटी सेक्टर भी हरे निशान पर बंद हुआ।
बुधवार को बीएसई का सेंसेक्स 251.89 अंकों यानी 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 72,781.89 के स्तर पर और एनएसई का निफ्टी 99.25 अंक यानी 0.44 फीसदी टूटकर 22,622.70 अंकों पर बंद हुआ था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal