उत्तर प्रदेश कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंदी को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सरकार से मंदी को स्वीकार करने के लिए कहा है। प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘किसी झूठ को सौ बार कहने से झूठ सच नहीं हो जाता। भाजपा सरकार को ये स्वीकार करना चाहिए कि अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक मंदी है और उन्हें इसे हल करने के उपायों की तरफ बढ़ना चाहिए। मंदी का हाल सबके सामने है। सरकार कब तक हेडलाइन मैनेजमेंट से काम चलाएगी?’

इससे पहले प्रियंका गांधी ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें आर्थिक मंदी पर राजनीति न करने की सलाह दी थी। प्रियंका ने ट्वीट करके लिखा, ‘क्या सरकार स्वीकार करती है कि यहां मंदी है या नहीं? वित्त मंत्री को राजनीति से ऊपर उठकर हमारी वर्तमान अर्थव्यवस्था के बारे में देश की जनता से सच बोलना चाहिए। यदि वह इस बात (मंदी) को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं तो सबसे बड़ी समस्या को कैसे सुलझा पाएंगी जो उन्होंने खुद पैदा की है।’
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal