भाजपा मोर्चा, प्रकोष्ठ और विभागों के पदाधिकारियों की बैठक, 2027 की तैयारी पर जोर

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय पर गुरुवार को पार्टी के विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों और विभागों के अध्यक्षों, महामंत्रियों, संयोजकों व सह-संयोजकों की बैठक संपन्न हुई। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया।

 

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन में कोई भी दायित्व छोटा या बड़ा नहीं होता। विभागों और प्रकोष्ठों में कार्यरत कार्यकर्ताओं की भूमिका संगठन को मजबूत करने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में इन इकाइयों की निर्णायक भूमिका होती है, जिससे संगठन का विस्तार और जनआधार सुदृढ़ होता है।

 

पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब कल्याण, गांव, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। देश आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, सुशासन और बुनियादी ढांचे के विकास में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उत्तर प्रदेश आज विकास के पथ पर अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है।

 

प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संपर्क, संवाद और सेवा के भाव के साथ जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी को 2017 से भी बड़ी जीत के लक्ष्य के साथ अभी से जुट जाना चाहिए।

 

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता-आधारित संगठन है और उसकी सबसे बड़ी ताकत अनुशासित व समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि मोर्चा, विभाग और प्रकोष्ठ पार्टी और समाज के बीच सेतु का कार्य करते हैं और संगठन की नीतियों तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाते हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com