आज 26 साल बाद रविवार को बजट के लिए खुलेगा शेयर बाजार, दिनभर होगा सामान्य कारोबार

नई दिल्ली : आज रविवार है। रविवार के दिन आमतौर पर शेयर बाजार में छुट्टी होती है। आज 26 साल बाद ऐसा मौका बना है, जब रविवार को भी शेयर बाजार में आम कार्य दिवस की तरह ही पूरे दिन कारोबार होगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) दोनों जगह सामान्य दिनों की तरह ही कारोबार होगा। रविवार को स्टॉक मार्केट खुलने की वजह आज पेश होने वाला केंद्रीय बजट है।

 

केंद्र सरकार 1999 के बाद पहली बार आज रविवार के दिन केंद्रीय बजट पेश करने जा रही है। दरअसल, 2017 से 01 फरवरी के दिन केंद्रीय बजट पेश करने की प्रथा शुरू की गई थी। अंतरिम बजट को छोड़कर सभी केंद्रीय बजट 01 फरवरी को ही पेश किए जाते रहे हैं। इसके पहले 28 फरवरी 1999 को आखिरी बार केंद्र सरकार ने रविवार के दिन केंद्रीय बजट पेश किया था। उस समय हर साल 28 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करने की परंपरा थी। 28 फरवरी, 1999 को रविवार होने के बावजूद उसी दिन तत्कालीन अटल बिहार वाजेपयी सरकार के वित्तमंत्री यशवंत सिन्हा ने बजट पेश किया था।

 

बजट का सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ता है। सरकारी खर्च, टैक्स, मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग और कैपिटल मार्केट से जुड़े बड़े ऐलान इसी दिन होते हैं। ऐसे में बजटीय प्रावधानों पर बाजार की त्वरित प्रतिक्रिया के लिए परंपरागत रूप से सामान्य ट्रेडिंग होती है। अगर बजट वाले दिन किसी भी वजह से बाजार बंद रहेगा, तो निवेशकों को बजटीय प्रावधानों पर अपनी प्रतिक्रिया जताने के लिए अगले ट्रेडिंग डे तक इंतजार करना पड़ेगा। ऐसा होने पर बाजार की परिस्थितियों में बदलाव भी हो सकता है।

 

बीएसई और एनएसई ने अपने सर्कुलर के जरिए स्पष्ट कर दिया है कि आज बजट पेश होने वाले दिन विशेष लाइव ट्रेडिंग सेशन होगा। हालांकि निवेशकों के लिए इसमें कुछ अलग नहीं होगा। ट्रेडिंग का तरीका और सारे नियम वही रहेंगे, जो आम दिनों में होते हैं। रविवार को भी बाजार की टाइमिंग बिल्कुल सामान्य रहेगी। नॉर्मल ट्रेडिंग सेशन सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होगा। यानी निवेशक बजट भाषण के दौरान और उसके तुरंत बाद भी ट्रेड कर पाएंगे।

 

आमतौर पर बजट भाषण सुबह 11 बजे शुरू होता है। उसी समय बाजार में हलचल तेज हो जाती है। स्टॉक मार्केट के इस फैसले से निवेशकों को बड़ा फायदा होगा। बजट के ऐलान के साथ ही वे अपनी रणनीति बदल सकते हैं। कोई मुनाफा बुक कर सकता है, तो कोई नुकसान से बचने के कदम उठा सकता है। खासकर शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स के लिए ये दिन काफी अहम हो सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com