बोत्सवाना से 28 फरवरी को मध्य प्रदेश लाए जाएंगे आठ चीते

मप्र के मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वन मंत्री यादव से की भेंट, असम से जंगली भैंसा लाकर मप्र में बसाने पर हुई चर्चाभोपाल : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आगामी 28 फरवरी को बोत्सवाना से 8 चीते प्रदेश में लाए जाएंगे। चीतों के पुनर्स्थापन के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव से आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत रूप से बात हुई है। असम से जंगली भैंसा लाने की प्रक्रिया को लेकर भी आवश्यक सहयोग और व्यवस्थाओं पर बात हुई।

 

दरअसल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उनके बीच विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय वन मंत्री यादव से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र के विकास, रिजर्व फॉरेस्ट के विस्तार और वन्य जीव संरक्षण की असीम संभावनाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य सरकार वन्य जीवों के संरक्षण की दिशा में अभूतपूर्व कदम उठा रही है।

 

उन्होंने कहा कि श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में चीतों की बसाहट के बाद अब असम का जंगली भैंसा भी मध्य प्रदेश के जंगलों में स्वछंद विचरण करता दिखाई देगा। उन्होंने केन्द्रीय मंत्री यादव से मुलाकात के दौरान असम से जंगली भैंसा मध्य प्रदेश लाने की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए चर्चा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वन्य जीव संरक्षण और जैव-विविधता संवर्धन के लिए केंद्र सरकार के सहयोग के लिये आभार माना। केंद्रीय मंत्री यादव ने प्रदेश के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

 

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय खाद्य मंत्री जोशी से की मुलाकात, किसान कल्याण वर्ष और गेहूं उपार्जन की दी जानकारी

 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को नई दिल्‍ली में केंद्रीय नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से भी सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने केन्द्रीय मंत्री जोशी से मध्य प्रदेश में मनाए जा रहे किसान कल्याण वर्ष और गेहूं उपार्जन एवं भंडारण व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के हित में मध्य प्रदेश सरकार किसान कल्याण वर्ष मना रही है। इस वर्ष में हमारी सरकार किसानों को उनकी उपज का समुचित मूल्य दिलाने के लिए संकल्पित है। मध्य प्रदेश में गेहूं का उपार्जन एवं भंडारण की प्रक्रिया प्रारंभ होने जा रही है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में गेहूं का उपार्जन सरलता से पर्याप्त भंडारण व्यवस्था के साथ होता है। केंद्रीय मंत्री जोशी ने मध्य प्रदेश को गेहूं उपार्जन में हरसंभव आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नई दिल्ली में केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से की मुलाकात

 

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से उद्योग भवन में मुलाकात की। भेंट में विभाग से जुड़े केंद्र में लंबित मुद्दों पर चर्चा की और शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया। इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव सहित मंत्रालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com