आईसीसी की ताजा टी20 रैंकिंग में एक बार फिर भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला है। विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा नंबर एक पर बने हुए हैं, हालांकि उनकी रेटिंग में हल्की गिरावट आई है। उनकी रेटिंग पहले 929 थी, जो अब 917 हो गई है, लेकिन इसके बावजूद वे शीर्ष स्थान पर मजबूती से कायम हैं। दूसरे स्थान पर इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं, जिनकी रेटिंग 834 है, जिससे दोनों के बीच अभी भी बड़ा अंतर बना हुआ है। इससे साफ है कि अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले नंबर एक बल्लेबाज के रूप में ही टूर्नामेंट में उतरेंगे।
रैंकिंग में अन्य बदलाव भी देखने को मिले हैं। फिल साल्ट को एक स्थान का फायदा हुआ है और वे अब 769 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं भारत के तिलक वर्मा, जो लंबे समय से तीसरे स्थान पर बने हुए थे, अब चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। बताया जा रहा है कि भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज के मैच न खेलने का असर उनकी रैंकिंग पर पड़ा है। हालांकि उम्मीद है कि वे आगामी टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगे।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी रैंकिंग में फायदा हुआ है। शानदार फॉर्म के चलते वे अब 728 रेटिंग के साथ छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। कुछ समय पहले वे टॉप-10 से बाहर हो गए थे, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ दमदार पारियों के बाद उन्होंने जोरदार वापसी की है और अब वे टॉप-5 के काफी करीब पहुंच चुके हैं। श्रीलंका के पथुम निसंका भी एक स्थान ऊपर चढ़कर 759 रेटिंग के साथ पांचवें नंबर पर आ गए हैं।
वहीं ईशान किशन ने इस बार सबसे बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने एक साथ 32 स्थानों की उछाल भरी है और अब 584 रेटिंग के साथ 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में लगाए गए उनके शानदार शतक का सीधा फायदा रैंकिंग में देखने को मिला है। लंबे समय बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले ईशान ने मिले मौके को बेहतरीन तरीके से भुनाया और अब वे फिर से चर्चा में आ गए हैं।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal