ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में भी बिकवाली का दबाव

नई दिल्ली : ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज कमजोरी के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के कारोबार के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। वहीं, एशियाई बाजार में आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है।

 

अमेरिका में बड़ी टेक और चिप कंपनियों में चौतरफा बिकवाली होने की वजह से अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.46 प्रतिशत टूट कर 6,885.99 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 343.66 अंक यानी 1.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,911.53 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.11 प्रतिशत लुढ़क कर 49,448.24 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

 

यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.18 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,402.34 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 82.66 अंक यानी एक प्रतिशत उछल कर 8,262.16 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। दूसरी ओर, डीएएक्स इंडेक्स 177.75 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 24,603.04 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

 

एशियाई बाजार में आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता इंडोनेशिया स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,161.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

 

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,765.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.22 प्रतिशत फिसल कर 4,954.33 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 208.48 अंक यानी 3.88 प्रतिशत टूट कर 5,162.62 अंक के स्तर तक गिर गया है।

 

इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 461.56 अंक यानी 1.43 प्रतिशत फिसल कर 31,828.25 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा हैंग सेंग इंडेक्स 355.32 अंक यानी 1.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 26,492 अंक के स्तर पर, निक्केई इंडेक्स 558.36 अंक यानी 1.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 53,735 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 1.03 प्रतिशत लुढ़क कर 4,059.91 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.42 प्रतिशत फिसल कर 1,340.91 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com