प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्वी नागालैंड के विकास के लिए त्रिपक्षीय समझौते को ऐतिहासिक बताया

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्वी नागालैंड के लिए किए गए त्रिपक्षीय समझौते को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने आज कहा कि इससे विकास को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के लोगों के लिए नए अवसर खुलेंगे। यह समझौता एक दिन पहले केंद्र सरकार, नागालैंड सरकार और पूर्वी नागालैंड पीपल्स ऑर्गनाइजेशन (ईएनपीओ) के बीच हुआ है। यह छह पूर्वी जिलों में आठ मान्यता प्राप्त नागा जनजातियों का प्रतिनिधित्व करता है। इसका मकसद प्रगति को तेज करना और क्षेत्र में समावेशी विकास सुनिश्चित करना है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “यह वास्तव में एक ऐतिहासिक समझौता है। यह विशेष रूप से पूर्वी नागालैंड के विकास की गति को बढ़ाएगा। मुझे यकीन है कि यह लोगों के लिए अवसर और समृद्धि के नए रास्ते खोलेगा। यह पूर्वोत्तर में शांति, प्रगति और समावेशी विकास के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” उल्लेखनीय है कि यह समझौता केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह और नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो की उपस्थिति में हुआ। यह समझौता नागालैंड के छह जिलों, तुएनसांग, मोन, किफिरे, लोंगलेन्ग, नोकलाक और शमाटोर के लिए फ्रंटियर नागालैंड टेरिटोरियल अथॉरिटी (एफएनटीटीए) के गठन और एफएनटीटीए को 46 विषयों के संबंध में शक्तियों के हस्तांतरण का मार्ग प्रशस्त करता है।

 

यह समझौता, अन्य बातों के अलावा, एफएनटीटीए के लिए एक लकु सचिवालय का प्रावधान करता है। इसका नेतृत्व अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रधान सचिव करेंगे। साथ ही जनसंख्या और क्षेत्रफल के अनुपात में पूर्वी नागालैंड क्षेत्र के लिए विकास परिव्यय को साझा करने का प्रावधान करता है। महत्वपूर्ण यह है कि समझौता भारत के संविधान के अनुच्छेद 371(ए) के प्रावधानों को किसी भी तरह से प्रभावित नहीं करता है। इस अवसर पर अमित शाह ने कहा कि आज विवाद मुक्त पूर्वोत्तर के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक ऐसे पूर्वोत्तर की कल्पना की है जो उग्रवाद, हिंसा, विवादों से मुक्त और विकसित हो। आज हमने उस सपने को साकार करने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ाया है।

 

उन्होंने कहा कि 11 साल पहले, उत्तर पूर्व में कई सशस्त्र समूह और विवाद इस क्षेत्र को बंटवारे की ओर धकेल रहे थे और इसकी शांति भंग कर रहे थे। साथ ही, कई अंतरराज्यीय विवाद राज्यों की शांति भंग कर रहे थे। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार हर विवाद का समाधान खोजने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2019 से मोदी सरकार ने उत्तर पूर्व में 12 महत्वपूर्ण समझौते किए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह एक्स पोस्ट में अमित शाह की एक दिन पहले की गई पोस्ट को भी री-पोस्ट किया है।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com