मेघालय कोयला खदान हादसे में मरने वालों की संख्या 22 हुई, बचाव अभियान जारी

शिलांग : मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले में एक अवैध कोयला खदान में हुए विस्फोट में मरने वालों की संख्या 06 फरवरी को चार और शव मिलने के बाद बढ़कर 22 हो गई है। घटनास्थल पर अभियान चला रहे एनडीआरएफ के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।

 

यह विस्फोट गुरुवार को उम्सनगट गांव के थांगस्कू इलाके में एक खदान में हुआ था, जिसके बाद एसडीआरएफ, अग्निशमन, एनडीआरएफ समेत कई एजेंसियों द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी और बचाव अभियान चलाया गया। घटना के पहले दिन 18 शव बरामद किए गए थे।

 

एनडीआरएफ सूत्रों ने बताया है कि आज चार और शव बरामद किए गए हैं, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 22 हो गई है। इनमें से कुछ शवों की पहचान कर ली गई है।” आठ घायलों का इलाज भी जारी है।

 

घटनास्थल पर तलाशी और बचाव अभियान जारी है, जिसमें राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), विशेष बचाव दल और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमें तैनात हैं। अधिकारियों ने बताया कि आपातकालीन सहायता प्रदान करने के लिए मेडिकल टीमें और एम्बुलेंस पास में ही तैनात हैं।

 

सूत्रों के अनुसार प्रथम बटालियन एनडीआरएफ के कमांडेंट एचपी कंडारी, डेप्यूटी कमांडेंट एनके तिवारी और इंस्पेक्टर अनुराग कुमार सिंह स्वयं 100 फीट गहरे अवैध कोयला खदान में उतर कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। 100 फुट गहरे खदान के अंदर 310 फुट अंदर रेड होल के अंदर से आज डेड बॉडी निकाली गयी।

 

सूत्रों ने बताया कि तलाशी अभियान अभी भी जारी है और बचे हुए पीड़ितों का पता लगाने और जल्द से जल्द पहचान प्रक्रिया पूरी करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।

 

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि सेना और वायु सेना को स्टैंडबाय पर रखा गया है, क्योंकि जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com