रायपुर : केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल रविवार काे एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दाैरे पर हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए संवेदनशील है।
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल आज राजधानी रायपुर में पत्रकार वार्ता के माध्यम से बजट संवाद कार्यक्रम काे सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने केन्द्र सरकार के बजट को नवोत्थान और वैश्विक भारत की प्रतिष्ठापना वाहक बताया और कहा कि इस बार के बजट में सिर्फ आँकड़े ही नहीं हैं, बल्कि विकसित भारत-2047 का विजन भी सामने रखा गया है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर ने बजट प्रावधानों की सराहना की और इसे केवल एक वार्षिक वित्तीय विवरण न मानकर देश के अगले 25 वर्षों के विकास का मार्गदर्शक ‘विजन डॉक्यूमेंट’ बताया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण तथ्य साझा करते हुए बताया कि इस वर्ष का बजट पहली बार ‘कर्तव्य भवन’ (वित्त मंत्रालय का नया परिसर) में तैयार किया गया। उन्होंने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के संबोधन का उल्लेख करते हुए बताया कि यह बजट तीन विशेष कर्तव्यों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जो देश को आर्थिक और सामाजिक रूप से सुदृढ़ बनाएंगे। इस बजट में 16वें वित्त आयोग की रिपोर्ट को भी स्वीकार किया गया है, जिसकी योजनाएँ आगामी 5 वर्षों के लिए महत्वपूर्ण दिशा तय करेंगी।
केन्द्रीय मंत्री ने विश्वास जताया कि बजट में निर्धारित लक्ष्यों के माध्यम से देश बिजली, बुनियादी ढांचे और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति करेगा। यह बजट समावेशी विकास की ओर बढ़ता हुआ एक सशक्त कदम है।
इस दौरान केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, सांसद व मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी, शिवनारायण पाण्डेय व प्रमोद शर्मा भी उपस्थित रहे।
—————-
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal