अंडर-19 विश्व कप की टीम ऑफ द टूर्नामेंट का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी समेत भारत के तीन खिलाड़ी शामिल

नई दिल्ली : अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को हराकर रिकॉर्ड छठी बार खिताब अपने नाम किया है। इस बीच रविवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने अंडर-19 विश्वकप की ‘टीम ऑफ द टूर्नामेंट’ की घोषणा कर दी।

 

फाइनल मैच में ऐतिहासिक पारी खेलने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को इस टीम में जगह मिली है। 14 वर्षीय वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल में 80 गेंदों पर 175 रनों की दमदार पारी खेलकर टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब जीता था। उनके साथ कनिष्क चौहान और हेनिल पटेल को भी 12 सदस्यीय सर्वश्रेष्ठ टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे को सर्वश्रेष्ठ टीम में जगह नहीं मिल सकी।

 

कनिष्क ने पूरे टूर्नामेंट में बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दिया, जबकि हेनिल ने 11 विकेट चटकाए, जिसमें अमेरिका के खिलाफ 5/16 का शानदार स्पेल शामिल रहा।

 

उपविजेता इंग्लैंड के भी तीन खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ टीम में जगह मिली है। थॉमस रेव को टीम का कप्तान और विकेटकीपर नियुक्त किया गया है। रेव ने टूर्नामेंट में 66 की औसत से 330 रन बनाए, जिसमें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में खेली गई मैच जिताऊ शतकीय पारी भी शामिल है। इंग्लैंड के ही मैनी लुम्सडेन और बेन मेस को बी जगह मिली है। मैनी ने टूर्नामेंट में सर्वाधिक 16 विकेट लिए और बेन मेस 444 रनों के साथ प्रतियोगिता टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।

 

श्रीलंका के वीरन चामुदिथा को सर्वश्रेष्ठ टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने जापान के खिलाफ ऐतिहासिक 192 रन की पारी खेली थी, जिसमें 26 चौके और एक छक्का शामिल था।

 

अफगानिस्तान के फैसल खान शिनोजादा और नूरिस्तानी उमरजई को अपनी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने के बाद चुना गया है। फैसल ने आयरलैंड और भारत के खिलाफ शतक लगाया था, जबकि नूरिस्तानी उमरजई ने टूर्नामेंट में 14 विकेट लिए, जिसमें तंजानिया के खिलाफ 9 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।

 

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान ओलिवर पीक भी टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ टीम में शामिल हैं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ शतक जमाए थे। पाकिस्तान के अली रजा और वेस्टइंडीज के स्पिनर विटेल लावेस को भी टीम में जगह मिली है। अली रजा ने 13.92 की औसत से 13 विकेट झटके, जबकि लावेस ने पांच मैचों में 10 विकेट लिए।

 

अंडर-19 विश्व कप 2026 की टीम ऑफ द टूर्नामेंट

 

वैभव सूर्यवंशी (भारत), वीरन चामुदिथा (श्रीलंका), फैसल खान शिनोजादा (अफगानिस्तान), थॉमस रेव (विकेटकीपर/कप्तान, इंग्लैंड), ओलिवर पीक (ऑस्ट्रेलिया), बेन मेस (इंग्लैंड), कनिष्क चौहान (भारत), नूरिस्तानी उमरजई (अफगानिस्तान), विटेल लावेस (वेस्टइंडीज), अली रजा (पाकिस्तान), मैनी लुम्सडेन (इंग्लैंड), हेनिल पटेल (भारत)।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com