फुट सर्जरी के बाद जैक ग्रीलिश का सीजन समाप्त, वर्ल्ड कप खेलने की उम्मीदों को झटका

लिवरपूल : एवर्टन के मिडफील्डर जैक ग्रीलिश ने पुष्टि की है कि फुट में स्ट्रेस फ्रैक्चर की सर्जरी के बाद उनका मौजूदा सीजन समाप्त हो गया है। यह चोट उनके लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि इससे इंग्लैंड की वर्ल्ड कप टीम में जगह बनाने की उनकी उम्मीदों को भी नुकसान पहुंचा है।

 

30 वर्षीय ग्रीलिश, जो मैनचेस्टर सिटी से लोन पर एवर्टन के लिए खेल रहे थे, को यह चोट पिछले महीने एस्टन विला के खिलाफ प्रीमियर लीग मुकाबले के दौरान लगी थी। उस मैच में एवर्टन ने 1-0 से जीत दर्ज की थी।

 

इस सीजन ग्रीलिश ने एवर्टन के लिए सभी प्रतियोगिताओं में कुल 22 मुकाबले खेले, जिनमें उन्होंने दो गोल किए और छह असिस्ट दिए। उनके प्रदर्शन को देखते हुए यह कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम में दोबारा बुलाया जा सकता है।

 

सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ग्रीलिश ने लिखा, “मैं नहीं चाहता था कि मेरा सीजन इस तरह खत्म हो, लेकिन यही फुटबॉल है। बहुत दुखी हूं। सर्जरी हो चुकी है और अब पूरा ध्यान फिट होकर वापसी पर है। मुझे पूरा भरोसा है कि मैं पहले से ज्यादा फिट, मजबूत और बेहतर होकर लौटूंगा।”

 

ग्रीलिश मैनचेस्टर सिटी के साथ तीन प्रीमियर लीग खिताब, चैंपियंस लीग और एफए कप जीत चुके हैं। इंग्लैंड के लिए उन्होंने आखिरी मैच अक्टूबर 2024 में कार्यवाहक कोच ली कार्सली के कार्यकाल में खेला था।

 

गौरतलब है कि फुटबॉल वर्ल्ड कप का आयोजन 11 जून से 19 जुलाई तक कनाडा, मैक्सिको और संयुक्त राज्य अमेरिका में किया जाएगा।

 

————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com