कोयला तस्करी मामला: ईडी ने दो कारोबारियों को किया गिरफ्तार

कोलकाता : झारखंड–आसनसोल कोयला तस्करी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार सुबह इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सोमवार देर रात तक पूछताछ के बाद इन्हें गिरफ्तार किया गया था ।

 

ईडी सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के नाम चिन्मय मंडल और किरण खां हैं। जांच में असहयोग करने के आरोप में दोनों को हिरासत में लिया गया है। यह पहली बार है जब कोयला तस्करी मामले में किसी कारोबारी को ईडी ने गिरफ्तार किया है।

 

जानकारी के मुताबिक, बीते सप्ताह ईडी की विशेष टीम ने दोनों आरोपितों के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। इस दौरान एक आरोपित के आवास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई थी। इसके बाद ईडी ने दोनों कारोबारियों को पूछताछ के लिए तलब किया। लंबी पूछताछ के बाद जांच में सहयोग न करने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

 

जांच एजेंसी का दावा है कि चिन्मय मंडल और किरण खां प्रोटेक्शन मनी के बदले कोयला तस्करी को बढ़ावा देते थे और कोयला सिंडिकेट से सीधे तौर पर जुड़े हुए थे। ईडी अधिकारियों के अनुसार, लेनदेन से जुड़े चैट रिकॉर्ड दिखाए जाने के बावजूद दोनों ने पूछताछ में सहयोग करने से इनकार किया।

 

गौरतलब है कि तीन फरवरी को ईडी ने रानीगंज के कारोबारी किरण खां के घर और चिन्मय मंडल के कार्यालय में छापेमारी की थी। दोनों आरोपितों को आज ईडी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com