बार्सिलोना एससी के खिलाफ मैच में लियोनेल मेसी चोटिल, इंटर मियामी का प्री-सीजन फिनाले स्थगित

मियामी : मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) क्लब इंटर मियामी को अपने स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी की चोट के कारण बड़ा झटका लगा है। क्लब ने बुधवार को जानकारी दी कि मेसी बाएं हैमस्ट्रिंग में मांसपेशियों में खिंचाव (मसल स्ट्रेन) के चलते प्रशिक्षण सत्र में हिस्सा नहीं ले सके। उनकी इसी चोट के कारण टीम का प्री-सीजन फिनाले मुकाबला भी स्थगित कर दिया गया है।

 

क्लब के अनुसार, दो बार के मौजूदा लीग मोस्ट वॉल्यूबल प्लेयर मेसी को यह चोट पिछले सप्ताह इक्वाडोर में बार्सिलोना स्पोर्टिंग क्लब के खिलाफ खेले गए प्री-सीजन मैच के दौरान लगी थी। उस मुकाबले में मेसी ने गोल भी किया था, लेकिन दूसरे हाफ में उन्हें मैदान से बाहर बुला लिया गया था। इसके बाद उनके मेडिकल परीक्षण कराए गए, जिनमें बाएं हैमस्ट्रिंग में मांसपेशियों में खिंचाव की पुष्टि हुई।

 

इंटर मियामी ने आधिकारिक बयान में कहा, “मेसी की ट्रेनिंग में वापसी उनके क्लिनिकल और फंक्शनल सुधार पर निर्भर करेगी, जिसका आकलन आने वाले दिनों में किया जाएगा।” क्लब ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

 

मेसी की चोट के चलते इंटर मियामी और इक्वाडोर के क्लब इंडिपेंडिएंते डेल वाए के बीच शुक्रवार को प्यूर्टो रिको के जुआन रामोन लोब्रीएल स्टेडियम में खेला जाने वाला मैत्री मैच अब 26 फरवरी तक के लिए टाल दिया गया है।

 

गौरतलब है कि इंटर मियामी को अपना एमएलएस अभियान 21 फरवरी से शुरू करना है। ऐसे में मेसी की फिटनेस टीम के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गई है। अब देखना होगा कि वह सीजन के शुरुआती मुकाबलों तक पूरी तरह फिट हो पाते हैं या नहीं।

———

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com