एआई इम्पैक्ट समिट में 20 देशों के शीर्ष नेता लेंगे भाग, भारत की मेजबानी में 16 से 20 फरवरी तक आयोजन

नई दिल्ली : भारत 16 से 20 फरवरी तक नई दिल्ली में इंडिया-एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की मेजबानी कर रहा है। इसमें 20 देशों के शीर्ष नेता भाग लेंगे और 45 देशों के मंत्रीस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होंगे। इनमें प्रमुख रूप से फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डिसिल्वा शामिल हैं। दोनों नेता यात्रा के दौरान द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे।

 

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को सम्मेलन में भाग लेने वाले नेताओं की सूची जारी की है। सम्मेलन में भाग लेने वाले राष्ट्रपति हैं- ब्राज़ील के लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, फ्रांस के इमैनुएल मैक्रों, स्पेन के पेड्रो सांचेज़ पेरेज़-कास्टेजोन, श्रीलंका के अनुरा कुमारा दिसानायका, एस्टोनिया के अलार करिस, सर्बिया के अलेक्जेंडर वुसिक, स्लोवाकिया के पीटर पेलेग्रिनी और स्विट्जरलैंड के गाइ परमेलिन।

 

उपराष्ट्रपति: बोलीविया के एडमंड लारा मोंटानो, गुयाना के भारत जगदेव, सेशेल्स के सेबेस्टियन पिल्लै।

 

प्रधानमंत्री: भूटान के शेरिंग तोबगे, क्रोएशिया के आंद्रेज प्लेंकोविक, फ़िनलैंड के पेटेरी ओर्पो, ग्रीस के किरियाकोस मित्सोटाकिस, कजाखिस्तान के ओल्ज़ास बेक्टेनोव, मॉरीशस के नवीनचंद्र रामगुलाम और नीदरलैंड्स के डिक शूफ़।

 

मंत्रालय के अनुसार यह शिखर सम्मेलन तीन सिद्धांतों- लोग, ग्रह और प्रगति पर आधारित है। यह एआई पर सहयोग के लिए भारत के दृष्टिकोण को परिभाषित करता है। इस शिखर सम्मेलन में विश्व भर के वैश्विक नेता, नीति निर्माता, नवप्रवर्तक और विशेषज्ञ एआई के भविष्य पर विचार-विमर्श करने के लिए एक साथ आएंगे।

 

मंत्रालय के अनुसार इसके अतिरिक्त 45 से अधिक देशों के मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासचिव और कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी भी विचार-विमर्श में शामिल होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com