विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत मत के साथ पुडुचेरी की 24 सीटें जीतेंगे : अमित शाह

कारैक्कल : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को पुडुचेरी के कारैक्कल में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जनसभा को संबोधित करते हुए दावा किया कि आगामी 2026 विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 60 प्रतिशत मत हासिल कर पुडुचेरी की सभी 24 सीटें जीतेगा। उन्होंने पुडुचेरी की जनता से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को निरंतर समर्थन देने की अपील की।

 

जनसभा की शुरुआत करते हुए अमित शाह ने तिरुनल्लार के शनिश्वर भगवान और भद्रकाली अम्मन को नमन किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे प्राचीन तमिल भाषा में भाषण न दे पाने के लिए वे क्षमा चाहते हैं। उन्होंने बताया कि उनके इस दौरे के दो प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखना और दूसरा, पूर्ववर्ती शासकों की कार्यशैली को उजागर करना।

 

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पुडुचेरी में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और विकास की नई यात्रा शुरू की गई है। वर्ष 2021 के चुनाव में राजग को 44 प्रतिशत मत मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 में यह आंकड़ा 60 प्रतिशत तक पहुंचेगा और गठबंधन सभी 24 सीटों पर विजय प्राप्त करेगा।

 

कांग्रेस शासनकाल पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार के दौरान पाकिस्तान से आतंकवादी हमले होते रहे और इसे सामान्य घटना की तरह लिया गया। उन्होंने 2019 के पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए शहीद 40 सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि दी और कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में पहली बार पाकिस्तान पर हवाई कार्रवाई की गई।

 

पुडुचेरी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने राजनीतिक स्थिरता स्थापित की है और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी के कार्यकाल में कोई नया उद्योग स्थापित नहीं हुआ, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से वस्त्र उद्योग को पुनर्जीवित किया जा रहा है।

 

जनसभा के अंत में एक बार फिर से अमित शाह ने पुडुचेरी की जनता से अपील की कि वे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को लगातार समर्थन दें और विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाएं।—————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com