भारतीय महिला टीम ने पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया

सिडनी : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को 21 रनों से हरा दिया। रविवार को यह मुकाबला सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। बारिश से प्रभावित इस मैच में भारतीय टीम को डकवर्थ-लुईस (डीएलएस) नियम के आधार पर विजेता घोषित किया गया।

 

मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाजी के लिए उतरी और तेज शुरुआत करते हुए पहले 10 ओवर में 87 रन बना लिए, हालांकि इस दौरान उसने पांच विकेट भी गंवा दिए। बेथ मूनी (5), जॉर्जिया वॉल (18), एलिस पेरी (20), एश्ले गार्डनर (4) और फीबी लिचफील्ड (26) सस्ते में आउट हो गईं।

 

जॉर्जिया वेयरहम ने 19 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 30 रन बनाए लेकिन नियमित अंतराल पर गिरते विकेटों के कारण ऑस्ट्रेलियाई टीम 18 ओवर में 133 रन पर ऑलआउट हो गई।

 

भारत की ओर से अरुंधति रेड्डी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। रेणुका सिंह ठाकुर और श्री चरणी ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि दीप्ति शर्मा और क्रांति गौड़ को एक-एक सफलता मिली।

 

134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने 11 गेंदों में एक चौका और दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाए। भारत ने 5.1 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए थे, तभी तेज बारिश शुरू हो गई। बाद में जब बारिश नहीं थमी तो डकवर्थ-लुईस नियम के तहत भारतीय टीम को 21 रन से विजेता घोषित कर दिया गया।

 

ऑस्ट्रेलिया की ओर से सोफी मोलिन्यूक्स ने एकमात्र विकेट हासिल किया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com