पूर्व बर्दवान : पश्चिम बंगाल में पूर्व बर्दवान जिले के कटवा रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के खड़ी अजिमगंज पैसेंजर ट्रेन के एक कोच में लगी भीषण आग लग गई। घटना रविवार सुबह करीब 4:30 बजे की है। प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी 53435 अप अजिमगंज पैसेंजर ट्रेन सुबह 6 बजे रवाना होने वाली थी। अचानक एक कोच से धुआं निकलता दिखा और देखते-ही-देखते आग की लपटें पूरे कोच को चपेट में ले लिया। कोच पूरी तरह जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि उस समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
रेलवे अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रेन पूरी तरह स्थिर थी और गतिहीन अवस्था में खड़ी थी। ऐसे में चलती ट्रेन में होने वाला शॉर्ट सर्किट यहां संभव नहीं लग रहा। जांच अधिकारियों को संकेत मिले हैं कि आग कोच के अंदर से नहीं, बल्कि बाहर से लगाई गई हो सकती है।
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शिवराम माझी ने कहा कि ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी थी। आग लगने का कारण जानना बहुत जरूरी है। प्रारंभिक जांच से लगता है कि आग बाहर से लगाई गई हो सकती है। हालांकि अंतिम निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही आएगा।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार काे फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जले हुए कोच, आग के फैलाव के पैटर्न और आसपास के सबूतों की वैज्ञानिक जांच करेगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह दुर्घटना थी या सुनियोजित साजिश।
वहीं, दूसरी ओर जांच में नया मोड़ सामने आ गया है। दमकल विभाग ने शुरुआत में शॉर्ट सर्किट को संभावित कारण बताया था, लेकिन रेलवे की प्रारंभिक जांच ने इस दावे को कमजोर कर दिया है और अब आग बाहर से लगाए जाने की आशंका जोर पकड़ रही है।
इस घटना ने कटवा स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि आग सचमुच बाहर से लगाई गई थी, तो इसे गंभीर सुरक्षा चूक माना जाएगा।
फिलहाल जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की गहन पड़ताल कर रही हैं और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार है।
——————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal