जलाभिषेक को लेकर कांवड़ियों में खूनी संघर्ष , 10 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

औरैया : उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के थाना अयाना क्षेत्र के ग्राम बरबटपुर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब शिवालय में पहले जलाभिषेक करने को लेकर दो कांवड़िये और उनके परिजन आपस में भिड़ गए। मंदिर परिसर में शुरू हुआ विवाद बाद में गांव पहुंचकर हिंसक झड़प में बदल गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

 

जानकारी के अनुसार बरबटपुर निवासी श्याम सिंह और अजय सिंह महाशिवरात्रि पर फर्रुखाबाद के श्रृंगीरामपुर से गंगाजल लेने गए थे। कांवड़ लेकर जब दोनों गांव के शिवालय पहुंचे तो पहले जलाभिषेक करने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने लगी। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया, जिसके बाद दोनों पक्षों ने पूजा-अर्चना की।

 

लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। गांव लौटने पर दोनों पक्षों के लोग फिर आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में श्याम सिंह, उनके भाई शिवकुमार और अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी अयाना में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने अजय सिंह को चिचौली मेडिकल कॉलेज तथा श्याम सिंह को सैफई रेफर कर दिया।

 

अजय सिंह के पिता धुन्नू सिंह की तहरीर पर श्याम सिंह उर्फ राजू, शिवकुमार, राजकुमार और लखन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं दूसरे पक्ष से श्याम सिंह के बेटे नीरज ने धर्म सिंह, मंगल सिंह, छुन्नू सिंह, कीरत सिंह, उत्तम सिंह व ब्रजेश के दामाद के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

 

थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिलने पर कुल 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायलों का उपचार जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com