घरेलू टी-20 पंजाब प्रीमियर लीग में दिखेगा गिल, अभिषेक, अर्शदीप का जलवा

चंडीगढ़ : पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) इस साल जून में पंजाब की घरेलू टी-20 प्रतियोगिता पंजाब प्रीमियर लीग (पीपीएल) का आयोजन करेगा। इस बार टूर्नामेंट नए नाम और नए प्रारूप के साथ आयोजित किया जाएगा।

 

पंजाब प्रीमियर लीग 2026 में कुल छह टीमें भाग लेंगी और सभी टीमें फ्रेंचाइज़ी मॉडल पर आधारित होंगी। खिलाड़ियों की खरीद नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से की जाएगी। इस लीग में केवल पंजाब में पंजीकृत खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे।

 

लीग में पंजाब के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र होंगे। भारतीय टेस्ट और सीमित ओवरों के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल, भारत के नंबर-1 टी-20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को मार्की खिलाड़ियों के रूप में शामिल किया जाएगा।

 

इनके अलावा रामनदीप सिंह, नेहल वढेरा, नमन धीर, अनमोलप्रीत सिंह, प्रभसिमरन सिंह जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी मार्की सूची में शामिल हो सकते हैं। वर्तमान भारत अंडर-19 टीम के सदस्य युवा खिलाड़ी विहान मल्होत्रा भी इस लीग में खेलते नजर आएंगे।

 

सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ पंजाब की अंडर-23 टीम के खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। मयंक मार्कंडे, अश्वनी कुमार, गुरनूर बराड़, हरनूर सिंह, रमन धीर और हरप्रीत बराड़ जैसे खिलाड़ी भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए तैयार हैं, जिससे लीग की प्रतिस्पर्धा और मजबूत होगी।

 

इसके अतिरिक्त सलील अरोड़ा, रघु शर्मा और अन्य उभरते खिलाड़ी भी पीपीएल का हिस्सा होंगे।

 

सभी खिलाड़ी ड्राफ्ट प्रक्रिया से गुजरेंगे। खिलाड़ियों को अलग-अलग मूल्य वर्गों में रखा जाएगा और टीमें अपनी पसंद के खिलाड़ियों पर बोली लगा सकेंगी। पंजाब प्रीमियर लीग 2026 में छह फ्रेंचाइज़ी भाग लेंगी। राज्य के कई प्रमुख उद्योगपति और कॉर्पोरेट समूह इस घरेलू टी-20 लीग से जुड़ने और स्वामित्व हिस्सेदारी लेने के इच्छुक हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com