हरमनप्रीत कौर बनीं महिला क्रिकेट की सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली खिलाड़ी

कैनबरा : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इतिहास रचते हुए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे अधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 शृंखला के दूसरे मुकाबले में मैदान पर उतरते ही उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

 

19 फरवरी को अपना 356वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हुए हरमनप्रीत ने न्यूज़ीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सुजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया। इसके साथ ही वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास की सबसे अधिक मैच खेलने वाली खिलाड़ी बन गईं।

 

सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली खिलाड़ियों की सूची में ऑस्ट्रेलिया की एलिस पेरी (349 मैच) तीसरे स्थान पर हैं। भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज ने 333 मैच खेले हैं, जबकि इंग्लैंड की चार्लोट एडवर्ड्स ने 309 मुकाबलों में देश का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा सोफी डिवाइन (305), हीथर नाइट (303) और डैनी व्याट-होज (302) भी इस सूची में शामिल हैं।

 

36 वर्षीय हरमनप्रीत कौर अब तक 6 टेस्ट, 161 वनडे और 189 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकी हैं। टेस्ट में उन्होंने 200 रन बनाए हैं, जबकि वनडे में उनके नाम 4,409 रन और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 3,784 रन दर्ज हैं।

 

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा हरमनप्रीत ने 35 महिला प्रीमियर लीग, 62 महिला बिग बैश लीग और 10 द हंड्रेड प्रतियोगिता के मुकाबले भी खेले हैं।

 

उल्लेखनीय है कि उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने 2025 विश्व कप में दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में 52 रन से हराकर पहली बार विश्व खिताब जीता था।

 

दूसरे टी20 मुकाबले के टॉस के दौरान इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए हरमनप्रीत ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। उम्मीद है कि मैं टीम के लिए इसी तरह मेहनत करती रहूं और जितना संभव हो सके, खेलती रहूं।”

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com