विश्व कप से बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ की ‘कवर’ भूमिका पर दी सफाई

मेलबर्न : टी-20 विश्व कप के ग्रुप चरण से बाहर होने के बाद ऑस्ट्रेलिया टीम चयन को लेकर सवालों के घेरे में है। इस बीच टीम के चयनकर्ता टोनी डोडेमेड ने स्टीव स्मिथ की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्हें केवल ‘कवर’ के रूप में टीम में शामिल किया गया था।

 

2009 के बाद यह पहला मौका है, जब ऑस्ट्रेलिया शुरुआती दौर से आगे नहीं बढ़ सकी। टीम को आईसीसी टी-20 रैंकिंग में 11वें स्थान पर मौजूद जिम्बाब्वे से चौंकाने वाली हार झेलनी पड़ी, जबकि श्रीलंका के खिलाफ भी वह पूरी तरह पिछड़ गई। इस निराशाजनक अभियान के बाद ऑस्ट्रेलिया में टीम चयन पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

 

स्टीव स्मिथ को शुरुआत में टीम में शामिल नहीं किया गया था, जिससे विवाद और बढ़ गया। बाद में उन्हें मिशेल मार्श के कवर के तौर पर बुलाया गया, जो ग्रोइन चोट के कारण शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए थे। इसके बाद जोश हेज़लवुड के चोटिल होने पर स्मिथ को प्रतिस्थापन के रूप में जोड़ा गया। हालांकि, मार्श की वापसी के बाद स्मिथ को अंतिम एकादश में मौका नहीं मिला।

 

टोनी डोडेमेड ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के हवाले से कहा, “हम स्मिथ को मुख्य रूप से शीर्ष क्रम के लिए कवर के रूप में देखते हैं और उनकी भूमिका वही थी। तीसरे मैच में मार्श और ट्रैविस हेड की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया, इसलिए बदलाव की जरूरत नहीं पड़ी।”

 

श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में मार्श और ट्रैविस हेड ने 8.2 ओवर में 104 रन की तेज साझेदारी की, लेकिन बाकी बल्लेबाज उस लय को आगे नहीं बढ़ा सके और टीम 181 रन पर सिमट गई। पूरे टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया का कोई भी बल्लेबाज शीर्ष 30 रन बनाने वालों में शामिल नहीं है। मैट रेनशॉ टीम के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे, लेकिन उन्हें श्रीलंका मैच में बाहर कर दिया गया।

 

टीम के कमजोर गेंदबाजी आक्रमण ने भी प्रदर्शन को प्रभावित किया, क्योंकि पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड और संन्यास ले चुके मिशेल स्टार्क की अनुपस्थिति महसूस की गई।

 

पूर्व खिलाड़ी मार्क वॉ ने स्टीव स्मिथ को शुरुआत में टीम में शामिल न करने को ‘अपमान’ बताया। उन्होंने कहा कि चयन संबंधी गलतियों और चोटों ने अभियान को शुरू से ही प्रभावित किया। वहीं मैथ्यू हेडन और ग्लेन मैक्ग्रा ने भी कैमरन ग्रीन को प्राथमिकता देने के फैसले पर सवाल उठाए।

 

डोडेमेड ने स्वीकार किया कि टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और ओमान के खिलाफ अंतिम मैच के बाद पूरे अभियान की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com