फीफा विश्व कप 2026 के बाद फ्रांस टीम के कोच बन सकते हैं जिनेदिन जिदान

नई दिल्ली : फ्रांस के दिग्गज फुटबॉलर जिनेदिन जिदान फीफा विश्व कप 2026 के बाद फ्रांस पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। लोकल मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने फ्रेंच फुटबॉल महासंघ के साथ मौखिक सहमति बना ली है और वे मौजूदा कोच दिदिएर देशां की जगह लेंगे।

 

दिदिएर देशां के नेतृत्व में फ्रांस ने लगातार दो विश्व कप फाइनल खेले, जिसमें 2018 का खिताब जीता था। जिनेदिन जिदान 1998 में फ्रांस को विश्व कप जिताने वाली टीम के नायक रहे थे, जबकि 2006 में टीम उपविजेता रही। हालांकि 2006 के फाइनल में उन्हें लाल कार्ड मिला था, जो फुटबॉल इतिहास की चर्चित घटनाओं में शामिल है।

 

कोच के रूप में जिदान का रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। उन्होंने कुल 320 मुकाबलों में से 200 में जीत दर्ज की, 70 मैच ड्रॉ रहे और 50 में हार का सामना किया। उनकी जीत प्रतिशत 62.5 रही है।

 

क्लब स्तर पर जिदान ने स्पेन के प्रसिद्ध क्लब रियल मैड्रिड के साथ ऐतिहासिक सफलता हासिल की। उनके नेतृत्व में टीम ने ला लीगा (2016–17, 2019–20), सुपरकोपा दे एस्पाना (2017, 2020), यूईएफए चैंपियंस लीग (2015–16, 2016–17, 2017–18), यूईएफए सुपर कप (2016, 2017) और फीफा क्लब विश्व कप (2016, 2017) जैसे कई बड़े खिताब जीते। अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने लगातार तीन बार चैंपियंस लीग जीतकर इतिहास रच दिया।

 

2006 में फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद जिदान ने 2010 में कोचिंग करियर की शुरुआत की। वे पहले रियल मैड्रिड में सलाहकार की भूमिका में जुड़े और बाद में मुख्य कोच बने। 2016 से 2018 और फिर 2019 से 2021 तक दो कार्यकाल में उन्होंने क्लब को 11 बड़े खिताब दिलाए।

 

रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें अमेरिका की राष्ट्रीय टीम का कोच बनने का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन उन्होंने उसे ठुकरा दिया। अब फीफा विश्व कप 2026 के बाद फ्रांस टीम में नए युग की शुरुआत को लेकर उत्साह बढ़ गया है।

 

————–

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com