अभिषेक शर्मा के समर्थन में उतरे सूर्या, कहा- मुझे उनकी चिंता है, जो अभिषेक की फॉर्म को लेकर चिंतित हैं

अहमदाबाद : अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का खुलकर समर्थन किया। लगातार तीन पारियों में खाता नहीं खोल पाने के बावजूद कप्तान ने युवा बल्लेबाज पर पूरा भरोसा जताया।

 

सूर्या ने पोस्ट मैच कॉन्फेंस में कहा, “मुझे उन लोगों की चिंता है जो अभिषेक की फॉर्म को लेकर चिंतित हैं। जब वह रन बनाता है तो आपने देखा है क्या होता है। टीम की जरूरत है कि वह अपनी पहचान के साथ खेले। अगर वह सफल होता है तो ठीक, अगर नहीं होता तो हम हैं उसे संभालने के लिए। पिछले साल उसने हमें संभाला था, अब हम उसे संभालेंगे।”

 

कप्तान ने तिलक वर्मा का भी बचाव किया और कहा कि उन्हें उनकी फॉर्म को लेकर कोई चिंता नहीं है।

 

सूर्यकुमार ने कहा, “मुझे यकीन है कि वह अपनी मौजूदा बल्लेबाजी से खुश नहीं होंगे। उन्होंने काफी अभ्यास किया है। लेकिन मुझे कोई चिंता नहीं है। वह नंबर तीन पर भारत के लिए अच्छा प्रदर्शन करते आए हैं और मुझे विश्वास है कि वह और बेहतर करेंगे।”

 

भारतीय कप्तान ने टीम की बल्लेबाजी रणनीति को भी स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि टीम का मकसद सिर्फ हर गेंद पर बड़े शॉट लगाना नहीं है।

 

उन्होंने कहा, “हमें हर समय हिट करते रहने वाली टीम नहीं बनना है। कभी-कभी दो-तीन विकेट जल्दी गिर सकते हैं। ऐसे में सात से पंद्रह ओवर के बीच समझदारी से बल्लेबाजी करनी होगी। हमारे पास आखिरी पांच ओवर में 60-70 रन बनाने की क्षमता है।”

 

सूर्या ने टॉस और पिच को लेकर ज्यादा चिंता नहीं जताई। उनका मानना है कि अगर टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छा स्कोर खड़ा करे तो ओस जैसी परिस्थितियों में भी लक्ष्य का बचाव किया जा सकता है।

 

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है टॉस को अब ज्यादा महत्व दिया जाता है। अगर आप पहली पारी में अच्छा खेलते हैं और अपनी गेंदबाजी इकाई पर भरोसा है, तो किसी भी परिस्थिति में मैच बचाया जा सकता है।”

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com