कोलकाता के कालीघाट पहुंची दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, की पूजा-अर्चना

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विभिन्न राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं का बंगाल आना-जाना लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच रविवार सुबह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट काली मंदिर में मां काली की पूजा-अर्चना की।

 

सुबह-सुबह कालीघाट मंदिर पहुंचीं रेखा गुप्ता हल्के गुलाबी रंग की साड़ी और भगवा रंग का उत्तरीय पहने नजर आईं। कड़ी सुरक्षा के बीच उन्होंने मंदिर में प्रवेश कर मां काली के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में उनकी मौजूदगी को लेकर राजनीतिक हलकों में स्वाभाविक रूप से चर्चाएं शुरू हो गईं।

 

राजनीतिक विश्लेषकों के बीच यह सवाल उठने लगा कि क्या यह दौरा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ा है या फिर विधानसभा चुनाव से पहले कोई राजनीतिक संदेश देने की तैयारी है। इस संबंध में जब पत्रकारों ने उनसे सवाल किए तो उन्होंने मुस्कुराते हुए किसी भी राजनीतिक टिप्पणी से परहेज किया।

 

राज्य भाजपा सूत्रों के अनुसार, रेखा गुप्ता रविवार दोपहर को कोलकाता के साइंस सिटी ऑडिटोरियम में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित एक महिला सम्मेलन में भी शामिल हुईं। इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और पूर्व केंद्रीय मंत्री देवश्री चौधुरी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।

 

राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय नेतृत्व के नेताओं का इस तरह लगातार बंगाल आना केवल संयोग नहीं है। यह महज शिष्टाचार भेंट है या फिर किसी बड़ी चुनावी रणनीति का हिस्सा, इसका जवाब आने वाला समय देगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com