कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार में सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री और बालीगंज से तृणमूल कांग्रेस विधायक बाबुल सुप्रियो ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से एआई शिखर सम्मेलन में इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एआई शिखर सम्मेलन यूथ कांग्रेस द्वारा किए गए विरोध को अनुचित और गैर-जिम्मेदाराना करार दिया।
बाबुल सुप्रियो ने अपने पोस्ट में कहा कि जिस मंच पर अंतरराष्ट्रीय नेता और वैश्विक उद्योग जगत के प्रमुख लोग मौजूद हों, वहां इस तरह का प्रदर्शन देश की प्राथमिकताओं को लेकर गलत संदेश देता है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है।
तृणमूल विधायक ने लिखा कि जब भारत का प्रतिनिधित्व विश्व मंच पर हो रहा हो, तब राजनीतिक नाटकीयता के बजाय परिपक्वता और संयम दिखाया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक मतभेदों के लिए संघर्ष किया जा सकता है, लेकिन इसकी कीमत देश की गरिमा और सम्मान को नुकसान पहुंचाकर नहीं चुकाई जानी चाहिए।
मंत्री बाबुल सुप्रियो की इस टिप्पणी को कांग्रेस और तृणमूल के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal