नैनीताल में हो रही ‘स्नैप’ फिल्म की शूटिंग, विक्रांत मैसी और मानुषी छिल्लर मुख्य भूमिकाओं में

नैनीताल : सरोवर नगरी नैनीताल में हिंदी फिल्म ‘स्नैप’ की शूटिंग इन दिनों जोरों पर चल रही है। दून कलेक्टिव एलएलपी के बैनर तले बन रही इस रोमांटिक थ्रिलर फिल्म में विक्रांत मैसी और मानुषी छिल्लर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग 20 फरवरी से प्रारंभ हुई है और मार्च के प्रथम सप्ताह तक नगर के विभिन्न स्थलों पर जारी रहेगी।

 

फिल्म के लाइन निर्माता अमित मेहता के अनुसार विक्रांत मैसी, जिन्हें ‘बालिका वधु’, ‘12वीं फेल’ और ‘साबरमती एक्सप्रेस’ जैसी कृतियों से विशेष पहचान मिली, इस फिल्म में एक अलग अंदाज में दिखाई देंगे। वहीं पूर्व विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर भी दमदार भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में श्रेयस तलपड़े, जावेद जाफरी, अर्चना पूरन सिंह तथा स्थानीय कलाकार मदन मेहरा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्माण दुष्यंत सिंह और नेहा खुराना कर रहे हैं, जबकि निर्देशन फराज हैदर के हाथों में है। फिल्म के ग्रीष्मकाल में प्रदर्शित होने की संभावना जताई जा रही है।

 

नगर के प्रमुख स्थलों पर हाे रही शूटिंग

 

फिल्म की शूटिंग की शुरुआत रैमजे चिकित्सालय परिसर से हुई। इसके बाद बोट हाउस क्लब और पंत पार्क सहित नगर के कई प्रमुख स्थलों पर दृश्य फिल्माए गए। एक दृश्य में मानुषी छिल्लर को विक्रांत मैसी को पीछे बैठाकर स्कूटी चलाते हुए फिल्माया गया, जबकि जावेद जाफरी अघोरी रूप में नजर आए। शूटिंग देखने के लिए स्थानीय लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। स्थानीय कलाकारों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी गोलू फिल्म्स को सौंपी गई है। बताया गया है कि होली पर्व के दौरान भी फिल्म के कई बाहरी दृश्य नैनीताल में ही फिल्माए जाएंगे।

 

स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिल सकता है लाभ

 

लगभग 4 मार्च तक चलने वाली इस शूटिंग से होटल, परिवहन और अन्य सेवा क्षेत्रों को भी लाभ मिलने की संभावना है। लगातार बढ़ रही फिल्म गतिविधियां राज्य की फिल्म नीति को मजबूत आधार दे रही हैं। जानकारों का मानना है कि इस प्रकार की परियोजनाएं नैनीताल और उत्तराखंड को फिल्म निर्माण के लिए पसंदीदा गंतव्य के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध हो सकती हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com