सिरसा: ट्यूबवेल से तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह पकड़ा, सौ वारदातों का खुलासा

सिरसा : स्थानीय पुलिस ने खेतों से ट्यूबवेल की केबल तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश कर पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने 100 वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली है। पकड़े गए आरोपी सिरसा जिला के हैं, जिसमें एक कबाड़ी भी शामिल है। आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार, विपिन, उमेश, बबलू, दीपू व वकील के रूप में हुई है। आरोपियों की निशानदेही पर लाखों रुपये की तार भी बरामद कर ली गई है।डीएसपी राज सिंह ने साेमवार काे बताया कि यह कार्रवाई सिरसा के गांव मौजूखेड़ा निवासी जगविंद्र सिंह की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके खेतों से ट्यूबवेलों की केबल तार चोरी कर ली गई है। लगातार हो रही तार चोरी के मामलों को देखते हुए एसपी दीपक सहारण ने सीआईए ऐलनाबाद व डिंग थाना की पुलिस टीमों का गठन कर मामले को शीघ्र सुलझाने की निर्देश दिए। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सिरसा क्षेत्र ले काबू कर लिया। डीएसपी राज सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने डिंग थाना क्षेत्र में ट्यूबवेल केबल चोरी की 36 वारदातें कबूल की हैं। इसके अतिरिक्त रानियां थाना क्षेत्र में 16, सदर थाना सिरसा क्षेत्र में 15, नाथूसरी चौपटा थाना में 13, जिला फतेहाबाद में आठ, हिसार के आदमपुर व अग्रोहा क्षेत्र में पांच तथा राजस्थान के गोगामेड़ी क्षेत्र में सात वारदातें करना स्वीकार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है जिन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्जं हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान गहन पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com