एफआईएच मेन्स प्रो लीग के होबार्ट चरण में स्पेन ने शूटआउट में भारत को 4-3 से हराया

होबार्ट : एफआईएच मेन्स प्रो लीग 2025-26 के होबार्ट चरण में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को स्पेन के खिलाफ कड़े मुकाबले में शूटआउट में 3-4 से हार का सामना करना पड़ा। निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबरी पर छूटा था, जिसके बाद विजेता का फैसला शूटआउट से हुआ। भारतीय टीम अब 25 फरवरी को होबार्ट चरण के अपने अगले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना करेगी।

 

भारत ने 19वें मिनट में बढ़त बनाई जब कप्तान हार्दिक सिंह ने शानदार टर्न लेते हुए मनींदर सिंह को पास दिया और मनींदर ने बेहतरीन टोमहॉक शॉट के जरिए गेंद जाल में पहुंचा दी। इससे पहले स्पेन ने शुरुआती मिनटों में आक्रामक खेल दिखाया और चौथे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन भारतीय गोलकीपर मोहित ने शानदार बचाव किया।

 

पहले हाफ में स्पेन को कई मौके मिले, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम को बढ़त बनाए रखने में मदद की। अमित रोहिदास और जुगराज सिंह को पेनल्टी कॉर्नर पर मौके मिले, लेकिन स्पेनिश गोलकीपर लुइस कालजाडो ने अहम बचाव किए।

 

तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने लगातार दबाव बनाया और बैक-टू-बैक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, जिन्हें मोहित ने शानदार तरीके से रोका। चौथे क्वार्टर में दोनों टीमों को ग्रीन कार्ड के कारण एक-एक खिलाड़ी कम होने का सामना करना पड़ा। भारत के संजय को 45वें मिनट में ग्रीन कार्ड मिला।

 

मैच के 59वें मिनट में भारतीय रक्षा पंक्ति की एक चूक भारी पड़ गई और ब्रूनो फॉन्ट ने शानदार गोल कर स्पेन को बराबरी दिला दी। अंतिम क्षणों में स्पेन को लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उन्हें विफल कर दिया और मुकाबला 1-1 से समाप्त हुआ।

 

शूटआउट में अभिषेक और हार्दिक सिंह के प्रयास चूक गए, जिसका फायदा उठाते हुए स्पेन ने 4-3 से जीत दर्ज की। इस हार के बावजूद भारत को एक अंक मिला।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com