न्यूजीलैंड की दमदार जीत, श्रीलंका टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर

कोलंबो : कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए अहम मुकाबले में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 61 रनों से हराकर उसके टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सफर पर विराम लगा दिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा, जबकि सह-मेजबान श्रीलंका टूर्नामेंट से बाहर हो गया।

 

न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 168 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम निर्धारित ओवरों में 107 रन ही बना सकी और 61 रनों से मुकाबला हार गई।

 

श्रीलंका का टूटा घरेलू सपना

 

भारत के साथ इस टी20 वर्ल्ड कप का सह-मेजबान श्रीलंका घरेलू सरजमीं पर खिताब जीतने का सपना देख रहा था, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ हार ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। बल्लेबाजी में कामिंदु मेंडिस और दुनिथ वेल्लालागे को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, जिससे टीम दबाव से उबर नहीं पाई। पारी की पहली ही गेंद पर श्रीलंका को बड़ा झटका लगा, जब मैट हेनरी ने पथुम निसांका को क्लीन बोल्ड कर दिया। लगातार रन बना रहे निसांका का विकेट मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

 

सैंटनर की कप्तानी पारी

 

न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी और 84 रन तक उसने 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में मिचेल सेंटनर ने 26 गेंदों में 47 रनों की तूफानी पारी खेली। उन्होंने कोल मैककॉन्ची के साथ 84 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को 168 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सैंटनर की इस पारी ने न्यूजीलैंड को मैच में मजबूती से वापस ला खड़ा किया।

 

रचिन रवींद्र का ऑलराउंड कमाल

 

गेंदबाजी में रचिन रवींद्र ने श्रीलंका की कमर तोड़ दी। उन्होंने 4 ओवरों में 27 रन देकर 4 विकेट चटकाए। उन्होंने कुसल मेंडिस, पवन रत्नायके, कप्तान दासुन शनाका और दुशन हेमंता को पवेलियन भेजा। इससे पहले रवींद्र ने बल्ले से भी 32 रनों का अहम योगदान दिया था।

 

न्यूजीलैंड की इस हरफनमौला जीत ने टूर्नामेंट में रोमांच बढ़ा दिया है। जहां एक ओर श्रीलंका का सफर समाप्त हो गया, वहीं न्यूजीलैंड अब सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूती से बना हुआ है।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com