नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच तेजी का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली के दबाव की वजह से पहले 10 मिनट में ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई। सुबह 10 बजे तक कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.12 प्रतिशत और निफ्टी 0.16 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, मैक्स हेल्थकेयर और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 1.87 प्रतिशत से लेकर 1.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अदानी एंटरप्राइजेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोल इंडिया, एक्सिस बैंक और नेस्ले के शेयर 0.42 प्रतिशत से लेकर 0.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभीतक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,612 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,917 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 695 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 11 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 36 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 142.71 अंक की मजबूती के साथ 82,418.78 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से पहले 10 मिनट में ही सेंसेक्स गिर कर लाल निशान में 82,244.99 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 99.06 अंक की बढ़त के साथ 82,375.13 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 73.80 अंक उछल कर 25,556.30 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कारण बाद बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से पहले 10 मिनट में ही यह सूचकांक गिर कर 25,487.85 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 39.95 अंक की मजबूती के साथ 25,522.45 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 50.15 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ 82,276.07 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 57.85 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,482.50 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal