शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, सेंसेक्स और निफ्टी लुढ़के

नई दिल्ली : घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव बना हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मामूली गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का मामूली जोर भी बनाया, लेकिन इससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल पर कोई खास असर नहीं हो सका। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही बिकवाली का दबाव बढ़ने लगा, जिससे इन दोनों सूचकांकों की कमजोरी भी बढ़ती चली गई। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.57 प्रतिशत और निफ्टी 0.66 प्रतिशत लुढ़क कर कारोबार कर रहे थे।

 

सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंफोसिस, टेक महिंद्रा, ट्रेंट लिमिटेड, एचसीएल टेक्नोलॉजी और विप्रो के शेयर 1.32 प्रतिशत से लेकर 0.41 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, मारुति सुजुकी, श्रीराम फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, मैक्स हेल्थ केयर और कोल इंडिया के शेयर 1.44 प्रतिशत से लेकर 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते नजर आ रहे थे।

 

अभीतक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,603 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 907 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,696 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 6 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 24 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 11 शेयर हरे निशान में और 39 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

 

बीएसई का सेंसेक्स आज 28.13 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 82,220.48 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। इस लिवाली के बावजूद ये सूचकांक लाल निशान से ऊपर नहीं उठ सका। थोड़ी देर बाद मंदड़ियों ने बाजार में बिकवाली का दबाव बना दिया, जिससे सेंसेक्स की कमजोरी बढ़ने लगी। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक 82 हजार अंक के स्तर से भी नीचे गिर गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 467.18 अंक की गिरावट के साथ 81,781.43 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

 

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 36.70 अंक लुढ़क कर 25,459.85 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवाली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की स्थिति में मामूली सुधार जरूर हुआ, लेकिन यह सूचकांक लगातार लाल निशान में ही बना रहा। पहले 10 मिनट के कारोबार के बाद ही बिकवाली का दबाव बढ़ने लगा, जिससे निफ्टी की कमजोरी भी बढ़ती गई। लगातार हो रही बिकवाली की वजह से थोड़ी ही देर में यह सूचकांक 25,400 अंक के स्तर से भी नीचे गिर गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 167.15 अंक टूट कर 25,329.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

 

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 27.46 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 82,248.61 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 14.05 अंक यानी 0.06 प्रतिशत की उछाल के साथ 25,496.55 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com