कुआं पूजन के दौरान हुए विवाद में धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या, आराेपित गिरफ्तार

नोएडा : थाना ईकोटेक -तीन क्षेत्र में कुआं पूजन के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसको 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपित के ऊपर पूर्व में भी चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

 

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना ईकोटेक-तीन क्षेत्र के तुस्याना गांव में मनोज लाल (35 वर्ष) पुत्र ओंकार के शव मिलने की सूचना शुक्रवार को पुलिस को प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि श्री राम के यहां आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम में भोजन के दौरान मनोज एवं गांव के निवासी जगबीर भाटी (56 वर्ष) पुत्र रतिराम भाटी के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद के दौरान मनोज द्वारा जगबीर को अपशब्द कहे गए, जिससे आहत होकर जगबीर अपने घर चला गया। कुछ समय बाद जगबीर बांका लेकर मनोज की तलाश में गांव में आया। मनोज एक बुग्गी के पास खड़ा दिखा। उसने मनोज को गाली दी तथा दोनों के बीच मारपीट हुई। इसी बीच जगबीर ने मनोज के ऊपर बांका से हमला कर दिया। इस घटना में उसकी मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जगबीर भाटी को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com