प्रधानमंत्री मोदी आज और कल राजस्थान, गुजरात, तमिलनाडु के दौरे पर

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज और कल गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु और केंद्रशासित राज्य पुड्डुचेरी के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वो 23 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस यात्रा का मुख्य आकर्षण देश का पहला स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप उत्पादन और बालिकाओं के लिए राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान होगा। यह जानकारी आधिकारिक विज्ञप्ति में दी गई है। साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आज के कार्यक्रम को अपने एक्स हैंडल पर साझा किया है।

 

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अजमेर (राजस्थान) में 28 फरवरी की सुबह 11:30 बजे 16,680 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात देंगे। वह 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) को रोकने के लिए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। सरकारी विभागों में नवनियुक्त 21,800 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इसी दौरान दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेस-वे और अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर से संबद्ध विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन करेंगे

 

इसके बाद दोपहर 3:45 बजे प्रधानमंत्री मोदी सानंद (गुजरात) में माइक्रोन टेक्नोलॉजी की ‘सेमीकंडक्टर असेंबली, टेस्ट और पैकेजिंग’ (एटीएमपी) सुविधा का उद्घाटन करेंगे। यह भारत के सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) के तहत स्वीकृत पहली परियोजना है। यहां से देश में निर्मित पहले सेमीकंडक्टर मेमोरी मॉड्यूल का व्यावसायिक उत्पादन और शिपमेंट शुरू होगा। 22,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाली इस फैक्टरी में दुनिया का सबसे बड़ा ‘क्लीनरूम’ क्षेत्र बनाया गया है।

 

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार रात करीब 9ः00 बजे चेन्नई (तमिलनाडु) पहुंचेंगे और अगले दिन दक्षिण भारत के विकास कार्यों को गति देंगे। वह पहली मार्च सुबह 11:45 बजे (पुड्डुचेरी) में 2,700 करोड़ रुपये तक की बुनियादी ढांचे, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मदुरै में 4,400 करोड़ रुपये तक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे।

 

इसी दौरान प्रधानमंत्री एनएच-332ए के मराक्कनम-पुडुचेरी खंड और एनएच-87 के परमाकुडी-रामनाथपुरम खंड के चार लेन के निर्माण की आधारशिला रखेंगे। साथ ही तमिलनाडु में आठ पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। शाम 4 बजे प्रधानमंत्री मदुरै के प्रसिद्ध अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर (तिरुप्परनकुंड्रम) में पूजा-अर्चना करेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com