भाजपा की ‘परिवर्तन संकल्प रथ यात्रा’ का गड़बेता से भव्य आगाज

मेदिनीपुर : पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘परिवर्तन संकल्प रथ यात्रा’ का रविवार को भव्य आगाज हुआ। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पश्चिम मेदिनीपुर जिले के गड़बेता में जय जगन्नाथ के उद्घोष के साथ रथ यात्रा का विधिवत उद्घाटन किया।

 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शनिवार देर रात ट्रेन से खड़गपुर पहुंचे और मुंबई रोड स्थित एक निजी होटल में विश्राम किया। रविवार सुबह उन्होंने खड़गपुर के प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर में दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थानीय लोगों और सेवायतों से संक्षिप्त बातचीत भी की।

 

मंदिर दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री खड़गपुर के कार्यकर्ताओं के साथ सीधे गड़बेता के लिए रवाना हुए। गड़बेता ब्लॉक कार्यालय के सामने आयोजित विशाल जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच उन्होंने ‘परिवर्तन संकल्प रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उद्घाटन समारोह के दौरान ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा गड़बेता गुंजायमान रहा।

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह यात्रा केवल भाजपा की यात्रा नहीं, बल्कि बंगाल की जनता के संकल्प की यात्रा है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से पार्टी अपनी नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि लूट कटमनी लेने वाली सरकार को बख्शा नहीं जाएगा, सबको जेल जाना पड़ेगा। बंगाल की जनता अब तृणमूल के नेताओं के दबंगई से थक चुकी है, आने वाले चुनाव में जनता स्पष्ट फैसला करेगी।

 

उन्होंने कहा बंगाल में स्कूल तो हैं, लेकिन स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं। इसी बंगाल में ईश्वरचंद्र विद्यासागर ने नारी शिक्षा के लिए कितना सुदृढ़ कार्य किया था और स्वामी विवेकानंद ने भी इसी धरती से पूरे विश्व को जगाया। लेकिन वर्तमान सरकार उनके विचारों के विरुद्ध जाकर बंगाल को बर्बाद कर रही है। वहीं, स्थानीय नेताओं ने जिले की कानून व्यवस्था और विकास की गति पर भी सवाल उठाए।

 

इस अवसर पर भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी, झाड़ग्राम के जिलाध्यक्ष तूफान महतो, सोनाली मुर्मू, सुमित कुमार दास, इंद्रनील घोष सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

मंच से शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि धर्मेंद्र जी आप ने मुझे नंदीग्राम में जिताने के लिए बहुत मेहनत किया। मैं आपको कमिटमेंट देता हूं कि पुरुलिया, बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर की 54 सीटें हम सब जीतेंगे, तृणमूल को पूरा साफ कर देंगे। 2024 में उड़ीसा में भाजपा की सरकार बनी, 2025 में सीतामाता के गढ़ बिहार में और 2026 में बंगाल में भी भाजपा की सरकार बनेगी, मां काली की जय!

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com