मध्य पूर्व में तनाव के चलते बेंगलुरु से 22 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द

बेंगलुरु : ईरान और इजराइल के बीच युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए मध्य पूर्व के हवाई क्षेत्र में उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके परिणामस्वरूप बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से संचालित होने वाली कुल 22 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।

 

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु से प्रस्थान करने वाली 10 उड़ानें तथा विदेश से आने वाली 12 उड़ानें रद्द की गई हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि युद्ध की स्थिति के कारण कुछ हवाई अड्डों के बंद होने से यह निर्णय लिया गया है।

 

उन्हाेंने बताया कि अबू धाबी, जेद्दा, दोहा, दुबई और बहरीन मार्गों पर उड़ान सेवाएं सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं। इन मार्गों पर परिचालन करने वाली प्रमुख एयरलाइंस जैसे एयर इंडिया, एमिरेट्स, इंडिगो और कतर एयरवेज ने अस्थायी रूप से अपनी उड़ानें निलंबित कर दी हैं। रद्द उड़ानों के यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। एयरलाइंस कंपनियां यात्रियों को टिकट पुनर्निर्धारण या पूर्ण धनवापसी का विकल्प दे रही हैं। इसके लिए एसएमएस और ईमेल के माध्यम से यात्रियों को सूचना भेजी जा रही है।

 

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि किए बिना हवाई अड्डे पर न पहुंचें। सोशल मीडिया और हेल्प डेस्क के जरिए लगातार अपडेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मध्य पूर्व में हालात सामान्य होने तक अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर व्यवधान जारी रहने की संभावना जताई गई है।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com