एशियन कप में भारत की नई शुरुआत, पर्थ में वियतनाम से होगा पहला मुकाबला

पर्थ (ऑस्ट्रेलिया) : चार साल के इंतजार और निराशा के बाद भारतीय सीनियर महिला फुटबॉल टीम 4 मार्च को अपने एशियन कप अभियान की शुरुआत करेगी। 67वीं रैंकिंग वाली ‘ब्लू टाइग्रेसेस’ एएफसी महिला एशियन कप 2026 में अपना पहला मुकाबला वियतनाम के खिलाफ पर्थ रेक्टैंगुलर स्टेडियम में खेलेगी। मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम एक नए जोश और आत्मविश्वास के साथ ऑस्ट्रेलियाई धरती पर अपने अभियान की शुरुआत करने को तैयार है।

 

भारतीय टीम का पिछला एशियन कप अभियान 2022 में घरेलू धरती पर अचानक समाप्त हो गया था, जब टीम को टूर्नामेंट से हटना पड़ा था। हालांकि पिछले वर्ष क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन कर टीम ने इस बार दमदार वापसी की है। यह पहला अवसर है जब भारत ने मेरिट के आधार पर एशियन कप के लिए क्वालीफाई किया है।

 

इस साल की शुरुआत में टीम की मुख्य कोच नियुक्त हुईं कोस्टा रिका की अमेलिया वाल्वेर्दे ने कहा, “वह चार साल पहले की बात है। जिंदगी में संयोग नहीं होते और हमें खुद को साबित करने का एक और मौका मिला है। यह हमारे लिए अपनी टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का नया अवसर है।”

 

12 टीमों वाले इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों को सीधे फीफा महिला विश्व कप 2027 (ब्राजील) का टिकट मिलेगा। क्वार्टरफाइनल में हारने वाली चार टीमों में से दो को अतिरिक्त प्ले-ऑफ के जरिए सीधा प्रवेश मिलेगा, जबकि बाकी दो टीमों को प्ले-ऑफ टूर्नामेंट में मौका मिलेगा।

 

एशियन कप की तैयारी के लिए भारतीय टीम ने 52 दिन का लंबा प्रशिक्षण शिविर किया, जो तीन महाद्वीपों में फैला रहा। टीम ने शुरुआत गुरुग्राम से की, फिर तुर्किये के अंताल्या में अभ्यास किया और टूर्नामेंट से तीन सप्ताह पहले पर्थ पहुंचकर मौसम के अनुकूल खुद को ढाला।

 

वाल्वेर्दे ने कहा, “पिछले कुछ हफ्तों में हमने कड़ी मेहनत की है। टीम के भीतर सर्वश्रेष्ठ परिणाम हासिल करने का जबरदस्त उत्साह है। हम अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार हैं।”

 

प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कोच ने वियतनाम की सराहना करते हुए कहा कि वे मजबूत टीम हैं, जिन्होंने पिछला विश्व कप खेला है और लंबे समय से कोच माई डुक चुंग के मार्गदर्शन में खेल रही हैं।

 

भारतीय कप्तान स्वीटी देवी नोंगबाम, जो 2022 की निराशा का हिस्सा रही थीं, ने कहा, “हमने अच्छी तैयारी की है। पूरी टीम तैयार है और एशियन कप में अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर फोकस है। यहां तीन सप्ताह पहले आना हमारे लिए फायदेमंद रहा और हम चुनौतियों के लिए तैयार हैं।”

 

वहीं वियतनाम के मुख्य कोच माई डुक चुंग ने कहा, “हमने अच्छी तैयारी की है, लेकिन हमें मजबूत टीमों का सामना करना है। जो तैयारी की है, उसे मैदान पर दिखाने की कोशिश करेंगे। टीम की तैयारी से हम संतुष्ट हैं।”

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com