आईपीएल में आरसीबी की ‘होम ग्राउंड’ पर वापसी, पांच मुकाबले चिन्नास्वामी में होंगे

बेंगलुरु : डिफेंडिंग आईपीएल चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपने प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। टीम इस सीजन अपने घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में वापसी करने जा रही है, जहां वह अपने पांच घरेलू मुकाबले खेलेगी।

 

फ्रेंचाइज़ी की ओर से जारी बयान के अनुसार आईपीएल 2026 अभियान के बाकी दो घरेलू मैच पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, रायपुर में आयोजित किए जाएंगे।

 

आरसीबी ने कर्नाटक सरकार, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) और कर्नाटक पुलिस का विशेष आभार जताया है। फ्रेंचाइज़ी के अनुसार, सभी संबंधित प्राधिकरणों के साथ कई महीनों की कड़ी मेहनत और समन्वय के बाद यह संभव हो सका है। आईपीएल सीजन से पहले बुनियादी ढांचे और सुरक्षा प्रबंधों को सुदृढ़ करने के सामूहिक प्रयासों से टीम को अपने घरेलू मैदान पर अधिकतर मुकाबले खेलने का अवसर मिला है।

 

आरसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेश मेनन ने कहा, “एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम सिर्फ हमारा घरेलू मैदान नहीं है, बल्कि यहीं हमारी टीम की पहचान जीवंत होती है। बेंगलुरु में हमारे प्रशंसकों की ऊर्जा हमेशा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रही है। हमारे फैंस ने हर परिस्थिति में हमारा साथ दिया है और वे अपनी टीम को घरेलू मैदान पर खेलते देखने के हकदार हैं।”

 

उन्होंने आगे कहा, “आवश्यक अनुमतियों की प्रक्रिया पूरी करने और विस्तृत चर्चा के बाद हमें यह पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि आरसीबी बेंगलुरु में पांच मुकाबले खेलेगी। इसे संभव बनाने में कर्नाटक सरकार, केएससीए और कर्नाटक पुलिस के सहयोग के लिए हम आभारी हैं।”

 

इस फैसले से फ्रेंचाइज़ी और उसके जुनूनी घरेलू समर्थकों के बीच गहरा रिश्ता और मजबूत हुआ है। चैंपियन टीम एक बार फिर अपने किले माने जाने वाले चिन्नास्वामी स्टेडियम में उतरने के लिए तैयार है।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com