नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब का स्वागत किया, जो भारत के राजकीय दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा जताया कि स्टब के इस दौरे से भारत और फिनलैंड के बीच आपसी रिश्ते और मजबूत होंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब आज सुबह नई दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति स्टब का एयरपोर्ट पर विदेश राज्यमंत्री के. वी. सिंह ने उनका औपचारिक स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और फिनलैंड के बीच संबंध नई ऊंचाइयों को छूएंगे। मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “भारत में आपका स्वागत है, राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब। मैं आपसे पूरी तरह सहमत हूं कि आपकी यात्रा भारत और फिनलैंड संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। मैं कल हमारी मुलाकात और ‘रायसीना डायलॉग 2026’ में आपके मुख्य संबोधन का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
मोदी ने यह टिप्पणी राष्ट्रपति स्टब के उस पोस्ट के जवाब में की, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह भारत की एक राजकीय यात्रा पर जा रहे हैं।
इससे पहले अलेक्जेंडर राष्ट्रपति स्टब ने एक्स पर लिखा, “मैं भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ-साथ अन्य महत्वपूर्ण नेताओं से मुलाकात करूंगा। यह यात्रा व्यापार सहित भारत और फिनलैंड के संबंधों को और मजबूत करेगी।”
राष्ट्रपति स्टब ‘रायसीना डायलॉग 2026’ में मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता भी होंगे। इसके अलावा वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
—————
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal