भारत-फिनलैंड ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर की वार्ता

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इसमें दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

 

 

 

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति स्टब के बीच यहां के हैदराबाद हाउस में बैठक में भारत-फिनलैंड संबंधों को और मजबूत बनाने तथा आपसी सहयोग के नए क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

 

इससे पहले राष्ट्रपति स्टब ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि दोनों के बीच वर्तमान वैश्विक सुरक्षा और राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा हुई। स्टब ने कहा कि बातचीत में पश्चिम एशिया की स्थिति, यूक्रेन में रूस के युद्ध, ट्रांसअटलांटिक संबंधों और यूरोपीय संघ-भारत संबंधों जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

 

उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों का साझा मत है कि यूरोपीय संघ और भारत की साझेदारी को मजबूत करना एक रणनीतिक विकल्प है, जो कई क्षेत्रों तक विस्तृत है और फिनलैंड इसके त्वरित क्रियान्वयन के लिए तैयार है।

 

राष्ट्रपति स्टब ने विदेश मंत्री जयशंकर को रायसीना डायलॉग की सफलता के लिए बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि रायसीना डायलॉग वैश्विक रणनीतिक चिंतन और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के लिए दुनिया के प्रमुख मंचों में से एक के रूप में विकसित हो चुका है।

 

बैठक से पहले फिनलैंड के राष्ट्रपति ने राजघाट जा कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com