एनएचएआई ने 5,100 से अधिक महिलाओं को टोल प्लाजा पर तैनात किया, रोजगार और सशक्तिकरण की नई पहल

नई दिल्ली : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे स्थित टोल प्लाजा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए देशभर में 1,140 से अधिक टोल प्लाजा पर दिन की शिफ्ट में 5,100 से अधिक महिला कर्मचारियों को तैनात किया है।

 

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य टोल संचालन में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना, रोजगार के अवसर पैदा करना और टोल प्लाजा पर यात्रियों को अधिक संवेदनशील और उपयोगकर्ता अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। अधिकारियों का कहना है कि महिला कर्मचारियों की तैनाती से विवादों की संभावना कम होगी और सेवा की गुणवत्ता बेहतर होगी।

 

एनएचएआई ने इस निर्णय पर विभिन्न हितधारकों, टोल ऑपरेटरों और उद्योग संगठनों जैसे नेशनल हाईवेज बिल्डर फेडरेशन, हाईवे ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया और ऑल इंडिया यूज़र फी कॉन्ट्रैक्टर्स फेडरेशन से चर्चा की थी। सभी ने इस पहल का समर्थन किया और महिला कर्मचारियों को दिन की शिफ्ट में तैनात करने पर सहमति जताई।

 

एनएचएआई ने कहा कि महिला कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को। प्रशिक्षण में शिष्ट व्यवहार, आपात स्थिति से निपटने की क्षमता, सुरक्षा प्रोटोकॉल और टोल संचालन की दक्षता पर ध्यान दिया जाएगा।

 

अधिकारियों ने बताया कि यह कदम न केवल महिलाओं को रोजगार देगा बल्कि उन्हें सामाजिक सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भागीदारी का अवसर भी प्रदान करेगा। एनएचएआई का मानना है कि इस तरह की पहल से शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में महिलाओं की स्थिति मजबूत होगी और टोल प्लाजा पर सेवा वितरण में सुधार होगा।

 

—————

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com