प्राग शतरंज फेस्टिवल में अरविंद चितांबरम की जीत, डी. गुकेश का एक और मैच ड्रॉ

प्राग : प्राग शतरंज फेस्टिवल 2026 के आठवें और अंतिम से पहले दौर में भारत के ग्रैंडमास्टर अरविंद चितांबरम ने गुरुवार को नीदरलैंड्स के जोर्डेन वान फॉरेस्ट को हराकर शानदार जीत दर्ज की। विश्व चैंपियन डी. गुकेश की जीत का इंतजार जारी रहा और उन्होंने जर्मनी के विन्सेंट कीमर के खिलाफ एक और मुकाबला ड्रॉ खेला।

 

उधर, उज़्बेकिस्तान के नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव ने मेज़बान खिलाड़ी डेविड नवारा को हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। अब्दुसत्तोरोव के 5.5 अंक हैं और वह वान फॉरेस्ट से आधा अंक आगे हैं, जबकि टूर्नामेंट का सिर्फ एक दौर बाकी है। फरवरी में टाटा स्टील मास्टर्स जीतने के बाद यह युवा उज़्बेक खिलाड़ी इस साल का दूसरा बड़ा खिताब जीतने के करीब पहुंच गया है।

 

नवारा 4.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। अरविंद चितांबरम की इस जीत से उनके कुल 4 अंक हो गए और वह जर्मनी के विन्सेंट कीमर तथा ईरान के परहाम मघसूदलू के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं।

 

उज़्बेकिस्तान के नोडिरबेक याकुब्बोएव, अमेरिका के हांस मोके नीमन और स्पेन के डेविड एंटोन गुइहारो 3.5 अंकों के साथ इसके बाद के स्थानों पर हैं। भारतीय खिलाड़ी डी. गुकेश फिलहाल 2.5 अंकों के साथ तालिका में सबसे नीचे हैं।

 

दिन के अंत में मुकाबलों में काफी नाटकीय मोड़ देखने को मिला। अब्दुसत्तोरोव और अरविंद दोनों ने ऐसे मुकाबले जीते जो ड्रॉ की ओर बढ़ते नजर आ रहे थे। नवारा ने रूख और छोटे मोहरों के एंडगेम में ऊंट की गलती कर दी, जिसका फायदा उठाकर अब्दुसत्तोरोव ने जीत हासिल की। वहीं वान फॉरेस्ट एंडगेम में एक आसान चाल नहीं देख सके और अरविंद चितांबरम ने मौका भुनाकर जीत दर्ज कर ली।

 

डी. गुकेश और विन्सेंट कीमर के बीच मुकाबला किंग पॉन ओपनिंग से शुरू हुआ और अंततः ड्रॉ पर खत्म हुआ।

 

मुकाबले के दौरान गुकेश ने क्वीन की कुर्बानी देकर स्थिति को जटिल बनाने की कोशिश की और उनका प्यादा सातवीं रैंक तक पहुंच गया, लेकिन काले मोहरों की मजबूत रक्षा को तोड़ना आसान नहीं रहा और अंततः मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।

 

इसी टूर्नामेंट के साथ चल रहे चैलेंजर्स वर्ग में 16 वर्षीय चेक इंटरनेशनल मास्टर फिनेक वान्सलाव ने भारत के ग्रैंडमास्टर सूर्य शेखर गांगुली के खिलाफ ड्रॉ खेलकर खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाया। भारत की दिव्या देशमुख ने जाखिम नेमेक के साथ अपना मुकाबला ड्रॉ खेला।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com