19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू श्रीराम लला का करेंगी दर्शन

अयोध्या : राम मंदिर परिसर में चल रही भवन निर्माण समिति की तीन दिवसीय बैठक दूसरे दिन शनिवार को भी जारी है। बैठक से पहले समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने मीडिया को कई अहम जानकारियां दीं।

 

उन्होंने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित अयोध्या दौरे और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा हुई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भारतीय नवसंवत्सर यानी 19 मार्च को सुबह करीब 11 बजे राम मंदिर परिसर पहुंचेंगी और राम लला का दर्शन-पूजन करेंगी। वह लगभग वहां 4 घंटे रहेंगी और श्रीराम मंदिर तीर्थ क्षेत्र न्यास की ओर से आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।

 

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान श्रद्धालु रामलला के दर्शन नहीं कर सकेंगे। कार्यक्रम को लेकर मंदिर परिसर के निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष योजना बनाई जा रही है।

 

नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि राम मंदिर का अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब केवल दो प्रमुख कार्य हुतात्मा स्मारक और अस्थायी मंदिर का निर्माण कार्य बाकी है।

 

उन्होंने बताया कि रामलला के सूर्य तिलक की परंपरा को बनाए रखने के लिए सेंट्रल बिल्डिंग रिसर्च इंस्टिट्यूट और ऑप्टिका कंपनी के साथ 10 साल का अनुबंध किया गया है।

 

राष्ट्रपति के कार्यक्रम के बाद मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह खोल दी जाएंगी और प्रतिदिन करीब 5 हजार श्रद्धालु पास के आधार पर परकोटा सहित सभी मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com