लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ऑल वूमेन बाइक रैली को झंडी दिखाई

नई दिल्ली : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कनॉट प्लेस में ऑल वूमेन बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

अध्यक्ष ओम बिरला ने एक्स पर कहा कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साहस, आत्मविश्वास और महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत की महिलाओं ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर राष्ट्र के नव-निर्माण तक हर क्षेत्र में प्रेरक और सशक्त नेतृत्व प्रदान किया है। आज देश की महिलाएं पंचायत से लेकर संसद तक निर्णायक भूमिका निभाते हुए विकसित भारत के संकल्प को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने सभी देशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाए दी।

 

मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि ऑल वूमेन बाइक रैली में विभिन्न क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व कर रही सैकड़ों महिलाओं ने एक साथ सड़कों पर उतरकर यह सशक्त संदेश दिया कि नारी शक्ति ही विकसित भारत की असली प्रेरक शक्ति है।

 

उन्होंने कहा कि यह उत्साह और आत्मविश्वास उस बदलते भारत की झलक है, जहां महिलाएं हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं और नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

 

इस मौके पर सांसद बांसुरी स्वराज, कमलजीत सहरावत, प्रियंका चतुर्वेदी, स्वाति मालीवाल एवं नई दिल्ली नगर पालिका परिषद् के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com