नई दिल्ली : सोमवार को दोपहर दो बजे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही फिर शुरू होते ही पर्यावरण मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा शुरू हुई। कार्यवाही की अध्यक्षता उपसभापति हरिवंश ने की। चर्चा की शुरुआत भाजपा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने की। उन्होंने अपने भाषण में पर्यावरण मंत्रालय के कार्यों और नीतियों पर बात रखी।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि विपक्ष के सदस्य इस चर्चा में मौजूद नहीं दिख रहे हैं। इस महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा के समय विपक्ष का अनुपस्थित रहना दुखद है।
घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि भारत की संस्कृति प्रकृति से जुड़ी रही है और उन्होंने वन क्षेत्र बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पर्यावरण प्रदूषण के साथ राजनीतिक प्रदूषण को भी दूर करने की आवश्यकता है।
उन्होंने रामसर वेटलैंड्स के विकास की विस्तार से बात की जिसके तहत इंदौर, उदयपुर जैसे शहरों को रामसर शहर घोषित करने का काम सरकार ने किया। इस चर्चा में मध्यप्रदेश से सांसद डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी, सांसद बृज लाल, मेधा कुलकर्णी सहित कई भाजपा सांसदों ने भाग लिया। विपक्ष ने पहले ही सदन से वॉक आउट कर दिया था।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal