लंदन : सदर्न ब्रेव ने आगामी सत्र के लिए अपनी पुरुष टीम का मुख्य कोच पूर्व भारतीय क्रिकेटर हेमांग बदानी को नियुक्त किया है, जबकि इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज इयान बेल को उनका सहायक कोच बनाया गया है। यह नियुक्ति द हंड्रेड टूर्नामेंट के अगले सीजन को ध्यान में रखते हुए की गई है।
दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स ने भी इंडियन प्रीमियर लीग में इयान बेल को हेमांग बदानी का सहायक कोच बनाया था। दिल्ली कैपिटल्स के मालिक जीएमआर समूह ने पिछले साल जुलाई में सदर्न ब्रेव में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी।
हेमांग बदानी ने पिछले सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच का पद संभाला था। उनके मार्गदर्शन में टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई। बदानी को फ्रेंचाइजी क्रिकेट में कोचिंग का व्यापक अनुभव है। वह जीएमआर समूह की अन्य टीमों के साथ भी जुड़े रहे हैं, जिनमें सिएटल ऑर्कास (मेजर लीग क्रिकेट) और दुबई कैपिटल्स (इंटरनेशनल लीग टी20) शामिल हैं।
वहीं इयान बेल को इंग्लैंड की परिस्थितियों का अच्छा अनुभव है। वह पहले इंग्लैंड अंडर-19 और इंग्लैंड लायंस टीम के साथ काम कर चुके हैं। इसके अलावा 2024 में इंग्लैंड दौरे के दौरान उन्होंने श्रीलंका टेस्ट टीम के बल्लेबाजी कोच के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई थी।
सदर्न ब्रेव ने 2021 में पुरुष वर्ग के पहले द हंड्रेड टूर्नामेंट का खिताब जीता था और 2024 में उपविजेता रही थी। हालांकि पिछले सीजन में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और आधे मुकाबले हारने के कारण वह नॉकआउट चरण में जगह नहीं बना सकी।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal