वेस्टइंडीज दौरे के लिए ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम घोषित, सोफी मोलिन्यूक्स को कप्तानी

मेलबर्न : ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान ऑलराउंडर सोफी मोलिन्यूक्स को सौंपी गई है, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज ताहलिया विल्सन को पहली बार टीम में जगह मिली है।

 

टीम में लूसी हैमिल्टन और निकोला कैरी को भी बरकरार रखा गया है, जो हाल ही में भारत के खिलाफ खेली गई सीरीज का हिस्सा थीं। वहीं भारत के खिलाफ टी20 टीम में शामिल रहीं ग्रेस हैरिस को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है।

 

इसके अलावा ऑलराउंडर एनेबेल सदरलैंड इस दौरे से बाहर रहेंगी। चयनकर्ताओं के अनुसार पिछले 12 महीनों में अधिक क्रिकेट खेलने के कारण उनके वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए उन्हें आराम दिया गया है।

 

राष्ट्रीय चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने कहा कि भारत के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में मोलिन्यूक्स ने शानदार कप्तानी की थी और यह दौरा उनके नेतृत्व को और मजबूती देगा। उन्होंने बताया कि मोलिन्यूक्स पीठ की चोट से उबर रही हैं और उनके खेलने की संभावना है, हालांकि मैचों के दौरान उनकी फिटनेस का आकलन किया जाता रहेगा।

 

19 मार्च से शुरू होगा दौरा

 

ऑस्ट्रेलिया का यह दौरा 19 मार्च से 2 अप्रैल तक खेला जाएगा, जिसमें तीन टी20 और तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। मुकाबले सेंट विंसेंट और सेंट किट्स में होंगे। वनडे सीरीज आईसीसी महिला चैंपियनशिप का हिस्सा होगी।

 

चयनकर्ताओं के अनुसार यह सीरीज आगामी महिला टी20 विश्व कप से पहले टीम के लिए अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने का अच्छा मौका होगी।

 

ऑस्ट्रेलिया महिला टीम (स्क्वॉड):

 

डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, एश्ले गार्डनर, किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, अलाना किंग, फोएबे लिचफील्ड, ताहलिया मैक्ग्रा, सोफी मोलिन्यूक्स (कप्तान), बेथ मूनी, एलिस पेरी, मेगन शुट, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम, ताहलिया विल्सन।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com