नई दिल्ली : दो बार के ओलंपियन और भारत के प्रमुख अल्पाइन स्कीयर आरिफ मोहम्मद खान ने केंद्र सरकार से जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्कीइंग बुनियादी ढांचा विकसित करने की अपील की है। उनका कहना है कि भारतीय खिलाड़ियों को वैश्विक प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के लिए यहां कम से कम पांच महीने तक चलने वाला प्रशिक्षण सत्र जरूरी है।
आरिफ ने कहा कि गुलमर्ग के कंगडूरी ढलानों पर यदि आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित की जाए तो भारतीय स्कीयरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स के छह संस्करणों ने देश में शीतकालीन खेलों की मजबूत नींव रखी है, लेकिन अब लक्ष्य बड़े अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीतना होना चाहिए। आरिफ ने कहा कि देश में प्रतिभा की कमी नहीं है और वह स्वयं जम्मू-कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सालभर प्रशिक्षण के लिए सुविधाओं की कमी अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
आरिफ का मानना है कि उनकी इस उपलब्धि ने भारत को वैश्विक स्कीइंग मानचित्र पर जगह दिलाई है और अब शीतकालीन खेलों में निवेश बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार बुनियादी ढांचे, प्रशिक्षकों और वित्तीय सहयोग पर ध्यान दे तो अगले 10 से 15 वर्षों में भारतीय खिलाड़ी एशियाई स्तर पर पदक जीत सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि 2020 से अब तक गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम्स आयोजित किए जा रहे हैं, जबकि लद्दाख के लेह में 2024 से आइस गेम्स का आयोजन किया जा रहा है।
Shaurya Times | शौर्य टाइम्स Latest Hindi News Portal